- हरियाणा के यमुनानगर में हथनीकुंड बैराज में सेना के अभ्यास के दौरान बड़ा हादसा हुआ है
यमुनानगर : हरियाणा के यमुनानगर जिले में हथिनीकुंड बैराज के पास मंगलवार शाम यमुना नदी में सेना की बोट डूबने से लापता दो जवानों का 15 घंटे बाद पता नहीं लग पाया है। मंगलवार शाम को 5 बजे शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन रातभर चला। हेलिकॉप्टर से भी निगरानी की गई।
कैसे हुआ ये हादसा?
हथनीकुंड बैराज क्षेत्र में सेना की “वन पैरा स्पेशल फोर्स” के जवानों द्वारा एक्सरसाइज की जा रही थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इसी दौरान सेना की मोटर बोट यमुना नदी के डेंजर जोन में चली गई। नदी में तेज बहाव होने के कारण नाव हादसे का शिकार होकर पानी में डूब गई। हादसे के बाद सेना के कुछ जवान नदी में फंस गए। इनमें से तीन जवानों के करीब 600 मीटर तक तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने की जानकारी सामने आई है। वहीं एक जवान के तेज बहाव में लापता होने की सूचना है। कुछ जानकारी में एक से दो जवानों के लापता होने की आशंका भी जताई जा रही है।

लापता जवान की तलाश जारी
हादसे की सूचना मिलते ही हरियाणा और उत्तर प्रदेश पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। एसडीआरएफ यमुनानगर और अन्य रेस्क्यू टीमों को भी सर्च ऑपरेशन में लगाया गया। काफी प्रयास के बाद सेना की डूबी हुई मोटर बोट को पानी से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन लापता जवान की तलाश अभी भी जारी है।


1 से 2 जवानों के लापता होने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हथनीकुंड बैराज क्षेत्र में वन पैरा स्पेशल फोर्स के जवान एक्सरसाइज कर रहे थे। इसी दौरान सेना की नाव के साथ हादसा होने की सूचना मिली। एक से दो जवानों के लापता होने की आशंका है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई हैं। फिलहाल नदी में तेज बहाव के बीच लापता जवान की तलाश जारी है। हादसा किस वजह से हुआ और इसमें कुल कितने जवान प्रभावित हुए हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रतापनगर पुलिस ने इसे देश की सुरक्षा से जुड़ा मामला बताते हुए विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया है।

