Breaking
Thu. Jul 9th, 2026

जीएलए में आईआईटी के विशेषज्ञ ने दिए नवाचार और स्टार्टअप के गुर

मथुरा : जीएलए विश्वविद्यालय, मथुरा के स्पार्कल टेक्नोलॉजी बिज़नेस इनक्यूबेटर (टीबीआई) के तत्वावधान में ‘नवाचार मंत्रा अवेयरनेस सेशन’ का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एफआईटीटी-आईआईटी दिल्ली के प्रबंधक अनमोल चतुर्वेदी ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं फैकल्टी सदस्यों को नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता से जुड़े नवीन अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नवाचार आधारित स्टार्टअप को आगे बढ़ाने के लिए सही मार्गदर्शन, उद्योग जगत से जुड़ाव और निवेश तक पहुंच बेहद महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्पार्कल टेक्नोलॉजी बिज़नेस इनक्यूबेटर के वरिष्ठ प्रबंधक आदित्य सरीन द्वारा अनमोल चतुर्वेदी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुआ। अपने संबोधन में अनमोल चतुर्वेदी ने आईआईटी दिल्ली के नवाचार एवं उद्यमिता इकोसिस्टम की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए ‘नवाचार मंत्रा’ कार्यक्रम के उद्देश्य, लाभ एवं संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस पहल के माध्यम से प्रतिभागियों को देश के प्रमुख स्टार्टअप इकोसिस्टम पार्टनर्स, निवेशकों एवं फंडिंग एजेंसियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। इससे नवाचारकर्ताओं एवं स्टार्टअप संस्थापकों को वित्तीय सहायता, विशेषज्ञ मार्गदर्शन, उद्योग जगत से नेटवर्किंग तथा अपने विचारों को व्यावसायिक रूप देने में सहयोग प्राप्त होगा।

उन्होंने कहा कि चयनित प्रतिभागियों को बौद्धिक संपदा (आईपी), कानूनी परामर्श, व्यवसायिक रणनीति, फंडरेज़िंग, क्षमता निर्माण, आईआईटी दिल्ली के नवाचार इकोसिस्टम से जुड़ने तथा उद्योग एवं सरकारी प्रतिनिधियों के समक्ष अपने स्टार्टअप आइडिया प्रस्तुत करने जैसे महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान जीएलए विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रो. अनूप कुमार गुप्ता (चीफ पैट्रन, जीएलए इकोसिस्टम) एवं प्रोफेसर ऑफ़ प्रैक्टिस डॉ. प्रमोद जोशी (चीफ पैट्रन, ई-सेल) ने अनमोल चतुर्वेदी से भेंट कर नवाचार मंत्रा योजना, स्टार्टअप इकोसिस्टम, स्पार्कल टीबीआई एवं ई-सेल की भावी कार्ययोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की।

कार्यक्रम के समापन पर न्यूजन आईईडीसी के समन्वयक जितेन्द्र शर्मा ने विद्यार्थियों को नवाचार एवं स्टार्टअप के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा अनमोल चतुर्वेदी के प्रेरणादायी मार्गदर्शन के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, फैकल्टी सदस्यों, छात्र-छात्राओं एवं इकोसिस्टम से जुड़े सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

स्पार्कल टेक्नोलॉजी बिज़नेस इनक्यूबेटर के प्रबंधक दीपक शर्मा ने बताया कि ‘नवाचार मंत्रा’ कार्यक्रम नवाचारकर्ताओं एवं स्टार्टअप संस्थापकों को उद्योग एवं सरकारी विभागों के प्रतिनिधियों के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करने का सशक्त मंच प्रदान करता है, जिससे उन्हें सहयोग, निवेश और विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्राप्त करने की संभावनाएं बढ़ती हैं। कार्यक्रम में लगभग 270 प्रतिभागियों, जिनमें 20 फैकल्टी सदस्य भी शामिल थे, ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने नवाचार, स्टार्टअप एवं उद्यमिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने प्रश्न पूछे और विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में स्पार्कल टेक्नोलॉजी बिज़नेस इनक्यूबेटर की पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विशेष रूप से सौरभ तिवारी, दीपांश गोयल एवं राहुल अरोरा ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन तान्या उपाध्याय ने किया, जबकि स्टूडेंट्स कोऑर्डिनेटर आदित्य यादव एवं प्रियांशु सनातनी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *