नूंह : हरियाणा के नूंह जिले में शादी की खुशियों के दौरान सड़क पर खतरनाक स्टंट और हुड़दंगबाजी करना कुछ युवकों को भारी पड़ गया है। नूंह पुलिस ने दूल्हे समेत थार गाड़ियों के 4 ड्राइवरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक चलती थार गाड़ी की छतों पर खड़े होकर हुड़दंग मचाते नजर आ रहे। इससे सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ गई।
वीडियो सामने आने के बाद जांच की तो पता चला कि दूल्हे ने कथित रूप से कहा था कि
“थार की छतों पर चढ़कर जाना है, निकाह बार-बार नहीं होता।”
फिलहाल, नगीना थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी दूल्हे को अरेस्ट कर लिया है। वीडियो के आधार पर पुलिस अन्य हुड़दंग करने वालों की पहचान कर रही है। दावा है कि जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

थार गाड़ी की छत पर चढ़कर स्टंटबाजी करते बाराती।

तेज रफ्तार थार की छत पर खड़े होकर जाते बाराती।
- 7 जून को एसआई के पास पहुंचा था वीडियो: पुलिस के मुताबिक, 7 जून को उप-निरीक्षक यशपाल को यह वीडियो प्राप्त हुआ था। वीडियो की पड़ताल की गई तो यह गांव नाई नंगला का निकला। इसमें कई थार गाड़ियों के नंबर स्पष्ट दिखाई दिए। जांच में सामने आया कि यह बारात नगीना खंड के गांव नाई नंगला से नूंह खंड के गांव चंदेनी जा रही थी। वाहन ड्राइवर युवकों को छतों पर बैठाकर तेज गति से वाहन चला रहे थे। यह न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन था, बल्कि गंभीर हादसे को भी न्योता दे रहा था।
- दूल्हे ने कहा- निकाह बार-बार नहीं होता : एसआई यशपाल के मुताबिक, सूचना मिलने पर पुलिस गांव नाई नंगला पहुंची, लेकिन तब तक बारात रवाना हो चुकी थी। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि दूल्हे ने कथित रूप से कहा था कि “थार की छतों पर चढ़कर जाना है, निकाह बार-बार नहीं होता।” इस बयान के बाद पुलिस ने मामले को और गंभीरता से लिया।
- अन्य युवकों की पहचान भी कर रही पुलिस : एसआई यशपाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर दूल्हे आकिब समेत 4 वाहन ड्राइवरों के खिलाफ बीएनएस की धारा 125, 285, 281, 61 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी दूल्हे आकिब को अरेस्ट कर लिया है, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है।

थार गाड़ी की छत पर चढ़ते बाराती।
कुछ दिन पहले तावडू क्षेत्र में भी पुलिस ने की थी कार्रवाई
कुछ दिन पहले नूंह में शादी में बारात में शामिल युवकों ने लग्जरी गाड़ियों की छतों पर चढ़ कर स्टंटबाजी की थी। युवा गाड़ियों की छतों पर सवार थे। साथ ही हाईवे पर गाड़ियों को रोक कर तेज आवाज में म्यूजिक चलाया था। इससे यातायात तो प्रभावित हुआ ही, साथ में राहगीरों ने परेशानी भी झेलनी पड़ी थी।
पुलिस ने इसमें कार्रवाई करते हुए दूल्हे और उसके पिता पर तो केस दर्ज किया था, साथ में गाड़ी चला रहे 5 युवकों को गिरफ्तार कर उनकी लग्जरी गाड़ियां भी सीज कर दी थी।
पुलिस की दो टूक: ‘शादी का जश्न मनाएं, अराजकता नहीं’
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि सोशल मीडिया पर स्टंटबाजों की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी अगर किसी ने सड़कों पर आम जनता की जान जोखिम में डाली, तो उनके खिलाफ इसी तरह की सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। संदेश साफ है कि शादी का जश्न मनाएं, लेकिन अराजकता ना करें।

