Breaking
Sat. Jun 20th, 2026

सीएम योगी ने किए पीतांबरा पीठ के दर्शन: सुरक्षा के चलते डेढ़ घंटे बंद रही आम श्रद्धालुओं की एंट्री, लोगों ने जताई नाराजगी

दतिया : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार सुबह 10:15 बजे विशेष विमान से दतिया हवाई पट्टी पहुंचे। यहां से वे सीधे विश्व प्रसिद्ध पीतांबरा पीठ गए, जहां उन्होंने मां बगलामुखी और महाभारत कालीन वानखंडेश्वर महादेव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। दर्शन के बाद वे सड़क मार्ग से झांसी के लिए रवाना हो गए, जहां वे 1500 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

सीएम योगी के आगमन को लेकर पीतांबरा पीठ परिसर में सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए थे। वीआईपी मूवमेंट के चलते मंदिर परिसर को करीब डेढ़ घंटे तक आम श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह बंद रखा गया। इस दौरान न केवल दर्शनार्थियों बल्कि कई पंडा-पुजारियों के प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई थी।

योगी आदित्यनाथ करीब 15 मिनट तक पीतांबरा पीठ में मौजूद रहे। उन्होंने विधि-विधान से मां बगलामुखी की पूजा कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। दर्शन के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की टीम मुस्तैद रही। वहीं, काफी देर से बाहर इंतजार कर रहे कुछ श्रद्धालुओं ने एंट्री रोके जाने की इस व्यवस्था पर अपनी नाराजगी भी जाहिर की।

‘एक घंटे तक करना पड़ा इंतजार’

ग्वालियर से दर्शन के लिए आए दुर्गेश भार्गव ने बताया कि उन्हें मंदिर में प्रवेश नहीं दिया गया। कारण पूछने पर बताया गया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। वहीं एक महिला श्रद्धालु ने बताया कि तेज धूप से बचने के लिए वह सुबह ही माता के दर्शन करने पहुंची थीं, लेकिन उन्हें करीब एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा। बाद में मंदिर में प्रवेश की अनुमति दी गई।

झांसी में 20 घंटे रुकेंगे योगी, विकास कार्यों की देंगे सौगात

दतिया में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का काफिला सड़क मार्ग से झांसी के लिए रवाना हो गया। झांसी में उनका करीब 20 घंटे तक रुकने और कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होने का शेड्युल है। वे विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक करेंगे।

इसके साथ ही सीएम योगी 1500 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। उनकी इस अहम यात्रा को देखते हुए दतिया और झांसी दोनों जिलों का प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर रहा।

डिप्टी सीएम मौर्य समेत कई मंत्री आ चुके हैं दतिया

उल्लेखनीय है कि सीएम योगी आदित्यनाथ से पहले उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी दतिया आकर पीतांबरा पीठ में पूजा-अर्चना कर चुके हैं। इसके अलावा यूपी सरकार के कई अन्य मंत्री भी अक्सर मां बगलामुखी और शिव दर्शन के लिए दतिया पहुंचते रहते हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *