जबलपुर : मध्यप्रदेश में मंत्री विजय शाह के बाद अब डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर विवादित बयान दिया है। देवड़ा ने शुक्रवार को जबलपुर में कहा, प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद देना चाहेंगे…और पूरा देश, देश की वो सेना, वो सैनिक…उनके चरणों में नतमस्तक है।

वे यहां सिविल डिफेंस वालिंटियर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। उनके बयान को कांग्रेस ने सेना के शौर्य का अपमान बताया। वहीं, बीजेपी ने कहा है कि कांग्रेस देवड़ा के बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रही है।

विवाद बढ़ने के बाद डिप्टी सीएम ने सफाई दी। कहा, ‘मेरे बयान को गलत ढंग से पेश किया जा रहा है।’ इससे पहले मंत्री शाह ने भारतीय सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी पर आपत्तिजनक बयान दिया था। एमपी हाईकोर्ट ने पुलिस को FIR दर्ज का आदेश दिया। मंत्री इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंचे हैं। इस पर सुनवाई सोमवार को होगी।

डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा आज जबलपुर दौरे पर हैं। वे यहां एक कार्यक्रम में पहुंचे थे।

डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा आज जबलपुर दौरे पर हैं। वे यहां एक कार्यक्रम में पहुंचे थे।

डिप्टी सीएम देवड़ा का पूरा बयान पढ़ लीजिए…

डिप्टी सीएम देवड़ा ने कहा, ‘मन में बहुत क्रोध था। लोग पर्यटक के रूप में घूमने गए थे। वहां धर्म पूछ-पूछकर और महिलाओं को एक तरफ खड़ा करके उनके सामने पति को गोली मारी। बच्चों के सामने गोली मारी। उस दिन से दिमाग में बहुत तनाव था।

जब तक इसका बदला नहीं लिया जाएगा और जिन माताओं के सिंदूर को मिटाने का काम जिन आतंकवादियों ने किया और आतंकवादियों को जिन्होंने पाला, जो पाल रहे हैं उनको नेस्तनाबूद नहीं कर देंगे, तब तक चैन की सांस नहीं लेंगे।

प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद देना चाहेंगे।…और पूरा देश, देश की वो सेना, वो सैनिक…उनके चरणों में नतमस्तक है। उनके चरणों में पूरा देश नतमस्तक है। उन्होंने जो जवाब दिया है, उसकी जितनी सराहना की जाए, जितना कहा जाए, एक बार उनके लिए जोरदार तालियां बजाकर स्वागत करिए।

सफाई- मेरा बयान तोड़ मरोड़ कर पेश कर रहे

जगदीश देवड़ा ने सफाई देते हुए कहा कि कांग्रेस मेरे बयान को बिल्कुल गलत तरीके से प्रस्तुत कर रही है। मीडिया में मेरा बयान तोड़ मरोड़ कर पेश किया जा रहा है। मैंने ये कहा कि देश की सेना ने ऑपरेशन सिंदूर में जो काम किया है, उसकी जितनी सराहना की जाए उतनी कम है। देश की जनता भारत की सेना के चरणों में नतमस्तक है। उनका प्रणाम करते हैं, उनका सम्मान करते हैं। जितना कहा जाए उतना कम है सेना के बारे में। ये शब्द मैंने कहे हैं। उसे तोड़ मरोड़ कर गलत तरीके से प्रस्तुत कर रहे हैं। जो लोग ऐसा षड़यंत्र कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

प्रियंका ने कहा, ये सेना का अपमान

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है, ‘भाजपा के नेताओं की ओर से लगातार हमारी सेना का अपमान अत्यंत शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है। पहले मध्य प्रदेश के एक मंत्री ने महिला सैनिकों पर अभद्र टिप्पणी की और अब उनके उपमुख्यमंत्री ने सेना का घोर अपमान किया है।

  • सुप्रिया श्रीनेत बोलीं: कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा- इस देश की सेना और सैनिक प्रधानमंत्री मोदी के चरणों में नतमस्तक हैं”। मध्यप्रदेश में BJP के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा का यह बयान सेना के शौर्य पराक्रम का घोर अपमान है।
  • राज्यसभा सांसद विवेद तन्खा: आप क्या कह रहे हैं देवड़ा जी। मोदी जी और देश की जनता हमारी वीर सेना के प्रति समर्पित और नतमस्तक है। आप लोग देश की और सुरक्षा एजेंसीज का मनोबल क्यों गिरा रहे हैं।
  • भाजपा पार्टी प्रवक्ता आशीष अग्रवाल: ‘जैसी नजर होती है, वैसा ही नजरिया हो जाता है। यही हाल कांग्रेसियों का है। न तो उन्हें देश की सेना के प्रति सम्मान है और न ही देश के प्रति। ऐसे में उनके द्वारा इस प्रकार के भाव और उनके भावार्थ ही निकाले जाएंगे।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *