पंजाब/नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार के बाद पंजाब कांग्रेस के 30 AAP विधायकों के उनके संपर्क में होने के दावे से उथल-पुथल मची हुई है। इसी बीच AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सबको एकजुट रखने के लिए पंजाब के पार्टी विधायकों के साथ मीटिंग की। दिल्ली स्थित पंजाब CM के कपूरथला हाउस में हुई यह मीटिंग आधे घंटे चली।

मीटिंग में दिल्ली चुनाव को लेकर अरविंद केजरीवाल ने कहा, ”हमने दिल्ली में मजबूती से लड़ाई लड़ी है। पैसा, बेइमानी और गुंडागर्दी से कोई जीत भी गया तो अपने आप को कमजोर नहीं समझना है। हमें और मजबूत होकर अगला इलेक्शन लड़ना है।”

केजरीवाल ने विधायकों को एकजुट रहकर 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर काम करने को कहा।

पंजाब CM भगवंत मान ने कहा कि हम पंजाब को ऐसा मॉडल स्टेट बना देंगे कि इसे पूरा देश देखेगा। वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि दिल्ली और पंजाब सरकार के बीच जो नॉलेज शेयरिंग एग्रीमेंट हुआ था, वह एग्रीमेंट जारी रहेगा।

मीटिंग के बाद पंजाब CM भगवंत मान की 2 अहम बातें

1. दिल्ली चुनाव में गुंडागर्दी-पैसा चला

मीटिंग के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए पंजाब के CM भगवंत मान ने कहा- ”दिल्ली चुनाव में गुंडागर्दी और पैसा चला। हमें हर घंटे चुनाव आयोग के पास जाना पड़ा। उन्हें बताना पड़ता था कि जैकेट बांट रहे हैं, पैसा बांट रहे हैं।”

2. पंजाब कांग्रेस पौने 3 साल से बोल रही

मान ने कांग्रेस के विधायकों के पार्टी बदलने और अरविंद केजरीवाल के पंजाब का CM बनने की कोशिश के आरोप पर हंसते हुए कहा- ”विपक्ष पौने 3 साल से ऐसा बोल रहा है। उनसे पूछ लो, दिल्ली में उनके कितने विधायक हैं? वह तो शुरू से कह रहे हैं कि 30 आ रहे हैं, 40 आ रहे हैं। हमने अपने खून पसीने से पार्टी बनाई है। इन्हें बोलने दो। उनके पास पार्टियां बदलने का कल्चर है। हमारे यहां ऐसा नहीं है।”

विधायकों ने पहले ही कहा- CM नहीं बदलेगा

इस मीटिंग के शुरू होने से पहले AAP के विधायकों ने साफ कर दिया था कि उन्हें मीटिंग का एजेंडा नहीं बताया गया था। मगर इतना तय है कि न तो पंजाब में CM भगवंत मान को बदला जाएगा और न ही कोई विधायक टूटेगा।

दिल्ली पहुंचने के बाद मीडिया से बात करते AAP के विधायक मनविंदर ग्यासपुरा, चेतन सिंह जौड़ामाजरा और ब्रह्मशंकर जिंपा।

दिल्ली पहुंचने के बाद मीडिया से बात करते AAP के विधायक मनविंदर ग्यासपुरा, चेतन सिंह जौड़ामाजरा और ब्रह्मशंकर जिंपा।

पंजाब AAP प्रधान के बयान से हमलावर हुई थी कांग्रेस

दरअसल, पंजाब के आम आदमी पार्टी प्रधान अमन अरोड़ा ने एक इंटरव्यू में कहा था कि CM की पोस्ट को हिंदू-सिख चेहरे से जोड़कर नहीं देखना चाहिए। इसके लिए सरकार चलाने की क्षमता ही आधार होना चाहिए। इसी के बाद कांग्रेस और भाजपा के नेताओं ने दावे करने शुरू कर दिए कि केजरीवाल भगवंत मान को हटाकर खुद CM बनना चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *