Breaking
Thu. Oct 8th, 2026

प्रयागराज में ज्ञानेश कुमार की प्रतीकात्मक अर्थी पर रोए सपाई:आगरा पुलिस से भिड़े, बहराइच में गधा लेकर पहुंचे कांग्रेसी

आगरा : यूपी में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सपा-कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर हैं। प्रयागराज में सपाइयों ने CEC की प्रतीकात्मक अर्थी लेकर प्रदर्शन किया। उससे लिपटकर खूब रोए।

आगरा में सपाइयों की पुलिस से नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। सपा सांसद रामजीलाल सुमन को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। उन्होंने कहा- यह चुनाव आयोग नहीं है, मोदी आयोग है। प्रदर्शन को देखते हुए ज्ञानेश कुमार के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

बहराइच में कांग्रेस कार्यकर्ता गधा लेकर प्रदर्शन करने पहुंचे। गोंडा में कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका तो वे सड़क पर लेट गए। पुलिस उन्हें टांगकर ले गई।

लखनऊ में कैदी की ड्रेस में सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। उनके हाथों में हथकड़ी थी। चेहरे पर मुख्य चुनाव आयुक्त का मुखौटा लगाया हुआ था।

कासगंज में कांग्रेस का प्रदर्शन, दो बार पुतला फूंकने की कोशिश; पुलिस ने छीना

कासगंज में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष मनोज पांडे के नेतृत्व में दोपहर करीब 3 बजे कार्यकर्ता नदरई गेट स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय के पास गांधी प्रतिमा पर जुटे। यहां से नारेबाजी करते हुए पैदल मार्च निकाला गया।

मार्च बाराद्वारी और सोरों गेट होते हुए अंबेडकर पार्क पहुंचा। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंकने की दो बार कोशिश की। दोनों बार पुलिसकर्मियों ने पुतला छीन लिया।

लखीमपुर खीरी में सपा का प्रदर्शन, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

लखीमपुर खीरी में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सपा ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। धौरहरा सांसद आनंद भदौरिया, खीरी सांसद उत्कर्ष वर्मा और जिलाध्यक्ष रामपाल यादव के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ताओं ने बिलौबी मैदान से कलेक्ट्रेट तक जुलूस निकाला।

कलेक्ट्रेट गेट पर पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोक दिया। इसके बाद सांसदों समेत सपा कार्यकर्ता गेट पर ही धरने पर बैठ गए और अधिकारी को ज्ञापन देने की मांग की। बाद में स्टेडियम प्रभारी बृजेश कुमार त्रिपाठी ने मौके पर पहुंचकर ज्ञापन लिया।

प्रदर्शन के दौरान अलग-अलग स्थानों पर ज्ञानेश कुमार, सीएम योगी और पीएम के पुतले भी फूंके गए।

वाराणसी में जिस कॉलेज में पढ़े मुख्य चुनाव आयुक्त, कांग्रेस ने गंगाजल से किया शुद्धिकरण

वाराणसी में सपा ने जहां जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया, वहीं कांग्रेस ने गुरुवार को मैदागिन स्थित राजी चौक से पदयात्रा निकाली। कांग्रेस कार्यकर्ता लहुराबीर स्थित राजकीय क्वींस कॉलेज पहुंचे। यहां महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में कॉलेज के गेट पर गंगाजल का छिड़काव किया गया।

कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने इसी कॉलेज से इंटर तक की पढ़ाई की है। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा, “मुख्य चुनाव आयुक्त ने संविधान की हत्या की है। इसलिए हमने यहां गंगाजल का छिड़काव कर शुद्धिकरण किया है, ताकि यहां से कोई और ज्ञानेश कुमार न निकले।”

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *