अयोध्या : अयोध्या में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई। सोमवार को कतार में लगी एक महिला और पुरुष अचानक गिर पड़े। तत्काल पुलिस दोनों श्रद्धालुओं को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, महिला की मौत हार्ट अटैक से हुई है। अयोध्या में आज 20 लाख से अधिक लोग रामलला का दर्शन करने पहुंचे हैं।
महिला की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी विमला (60) के रूप में हुई है। जबकि पुरुष की पहचान नहीं हो पाई है। ये दोनों लोग महाकुंभ से स्नान करने के बाद अयोध्या में रामलला के दर्शन करने आए थे।
यहां पर सुबह से लंबी कतार में लगे थे। दोपहर में 12 बजे के करीब दोनों अचानक गश खाकर गिर गए। ये देखकर ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने तुरंत उनको श्रीराम अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है।
भीड़ की 3 तस्वीरें

अयोध्या में भक्तों की भारी भीड़ है।

सरयू तट के बगल वाली गली में लंबी कतार लगी हुई है।

भीड़ के चलते जाम लग गया है। कई घंटे से वाहन तक फंसे हुए हैं।
राम मंदिर की सुरक्षा में NSG कमांडो लगे
हनुमान गढ़ी में श्रद्धालुओं की 3 किलोमीटर लंबी लाइन लगी है। सरयू घाट से लेकर राम मंदिर तक भीड़ ही भीड़ है। रामलला और हनुमान गढ़ी के दर्शन के लिए 4 से 5 घंटे तक लोगों को कतार में लगना पड़ रहा है।
भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था सख्त है। जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है। रूट डायवर्जन किया गया है। राम मंदिर की सुरक्षा में NSG के कमांडो लगे हैं।
एम्बुलेंस को 500 मीटर चलने में लगे 45 मिनट
श्रीराम अस्पताल के प्रवक्ता डॉ. यश प्रकाश सिंह ने बताया- अयोध्या में इतनी भीड़ है कि मेरा पैरामेडिकल स्टाफ भी ऑफिस नहीं पहुंच पा रहा है। एक महिला और पुरुष अस्पताल लाए गए थे। यहां आने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। सभी को एबुलेंस से बहुत मुश्किल से लाया गया था। एम्बुलेंस को सिर्फ 500 मीटर निकलने में 45 मिनट लग गए। महाकुंभ से ज्यादातर लोग यहां आ रहे हैं। इस वजह से इस महीने यहां भीड़ जोर बढ़ रही है।