अयोध्या : अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास को सौंपा दिया। राय के ट्रस्टी डॉक्टर अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया।
ट्रस्टी नृपेंद्र मिश्रा ने दैनिक भास्कर को बताया- चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे की सूचना मुझे मिली है।
इससे पहले, चंपत राय के करीबी रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू समेत 8 आरोपियों को गुरुवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आज सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करेगी। 14 दिनों की रिमांड मांगेगी।
दरअसल, गुरुवार देर शाम ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर पहली FIR दर्ज की गई। हालांकि, FIR में चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्रा समेत अन्य बड़े पदाधिकारियों के नाम नहीं हैं। चोरी का मामला पहली बार 7 जून को सामने आया। यूपी सरकार ने 13 जून को SIT बनाई। SIT ने 23 जून को एडिशनल चीफ सेक्रेटरी (गृह) संजय प्रसाद को प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपी।
मामले में शिवसेना उद्धव गुट की एंट्री हो गई है। राज्यसभा सांसद संजय राउत ने शुक्रवार को ‘X’ पर पूछा-

राम मंदिर के लिए उद्धव ने 1 करोड़ रुपए और 4 किलो चांदी की ईंट दान की थी। इतने सालों बाद भी ट्रस्ट की ओर से रसीद नहीं मिली है। आखिर ईंट कहां गई? अब जवाबदेही तय करने का समय आ गया है!
वहीं, दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को रामलला के दर्शन किए। कहा- जिन्होंने महापाप किया, उन्हें कड़ी सजा मिले। FIR दिखावा है। बड़े लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है।
योगी बोले- दूध का दूध और पानी का पानी करके रहेंगे
- योगी बोले- एसआईटी की रिपोर्ट आते ही कार्रवाई शुरू हो गई। दूध का दूध पानी का पानी करके रहेंगे। जन आस्था के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे। किसी को छूट नहीं मिलेगी। जो लोग आक्षेप लगा रहे हैं, ये वो लोग हैं जो भगवान राम को नकार चुके थे, कहते थे राम हुए ही नहीं, अयोध्या को भी नकारना चाहते थे। कोर्ट तक पहुंचे, वकीलों की फौज खड़ी कर दी।
- योगी ने कहा- दूसरा पक्ष वह जो राम का नाम लेने पर भक्तों पर गोली, लाठी चलाते थे। आज कहते हैं कि आस्था के साथ खिलवाड़ हुआ। ये रामनवमी पर दंगा करवाते थे, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव बैन करते थे, कांवड़ यात्रा नहीं निकलने देते थे, दुर्गा पूजा पर दंगा करवाते थे.. ये कहते हैं आस्था के साथ खिलवाड़ हुआ। जिनके काले कारनामों का चिट्ठा खुलता है। कांग्रेस ने देश को लूटा नहीं नोंचा था।
कांग्रेस बोली- बड़े लोगों की मिलीभगत के बिना क्या छोटा कर्मचारी चोरी कर सकता है?
कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने कहा- राम मंदिर में चढ़ावे की भयानक लूट हुई है। भगवान श्री राम की आस्था के चलते देश के गांवों से, गरीब लोगों से चंदा इकट्ठा किया गया था, जिसे लूट लिया गया। लेकिन, जब FIR हुई तो उसमें छोटे कर्मचारियों का नाम डाल दिया गया। सवाल है कि बड़े-बड़े लोगों की मिलीभगत के बिना क्या कोई छोटा कर्मचारी CCTV बंद कर हजारों करोड़ का चंदा चोरी कर सकता है?
केजरीवाल बोले- महापाप हुआ, छोटे-छोटे कर्मचारियों को गिरफ्तार किया
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रामलला के दर्शन के बाद कहा- चढ़ावा चोरी महापाप है। FIR के बाद छोटे-छोटे कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस है। उसमें विस्तार से बात करेंगे।
FIR में चंपत राय का नाम तय माना जा रहा था
इससे पहले सूत्रों से जानकारी सामने आई थी कि SIT ने जांच रिपोर्ट में चंपत राय, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा और निर्माण प्रभारी गोपाल राव समेत 17 लोगों को आरोपी माना था। इनके खिलाफ FIR होना लगभग तय माना जा रहा था।
SIT को जांच के दौरान दानपात्रों की चाबियां टिन्नू के पास मिलीं थी। SIT ने ऐसे करीब 150 सेवादारों और कर्मचारियों को चिह्नित किया था, जिनकी आर्थिक स्थिति में 22 जनवरी, 2024 को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद बदलाव आया।

