Breaking
Thu. Feb 12th, 2026

गोरखपुर में CM योगी ने सुनीं लोगों की समस्याएं:जनता दरबार में बोले-किसी के साथ नहीं होगा अन्याय

गोरखपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ाके की ठंड के बावजूद गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन लगाया। इस दौरान 100 से अधिक फरियादी फरियाद लेकर पहुंचे। सीएम योगी ने बारी-बारी से सभी की शिकायतें सुनी। इनमें जमीन पर कब्जा से लेकर इलाज संबंधी शिकायतें थी। उन्होंने कहा-किसी के साथ अन्याय नहीं होगा। उसके बाद अधिकारियों को निर्देश दिया कि जल्द से जल्द उनका समाधान किया जाएं। लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

योगी आदित्यनाथ मंगलवार को दो दिनों के दौरे पर गोरखपुर पहुंचे थे।

फरियादियों के पास जाकर सुनी समस्याएं

जनता दर्शन का आयोजन महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में किया गया, जहां मुख्यमंत्री ने खुद फरियादियों के पास जाकर उनकी बात सुनी। इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने वालों को आश्वासन देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि इलाज से जुड़े सभी दस्तावेज शीघ्र तैयार कर शासन को भेजे जाएं। एक महिला की स्वास्थ्य संबंधी समस्या पर उन्होंने स्पष्ट किया कि इलाज मेडिकल कॉलेज या किसी उच्च स्तरीय अस्पताल में कराया जाए।

भूमि विवादों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों पर मुख्यमंत्री ने पारदर्शिता और निष्पक्षता की बात दोहराई। उन्होंने कहा कि किसी के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। भूमि विवादों पर सख्त रुख अपनाते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि जबरन कब्जा करने वालों के खिलाफ कानूनन कार्रवाई की जाए।

सुबह की दिनचर्या में की गोसेवा

मुख्यमंत्री की सुबह की दिनचर्या भी परंपरागत रही। उन्होंने गुरु गोरखनाथ और महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर पूजा-अर्चना की। इसके बाद मंदिर परिसर और गोशाला का भ्रमण किया। गोसेवा के दौरान उन्होंने गायों को गुड़ खिलाया और गोशाला कर्मियों को बेहतर देखभाल के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने गोवंश की सेवा को प्राथमिकता बताते हुए इसे पूरी जिम्मेदारी से निभाने की अपील की।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *