दैनिक उजाला, मथुरा : मथुरा जंक्शन से एक साल की बच्ची चोरी हो गई। बच्ची चोरी करने के बाद आरोपी ट्रेन में बैठकर भाग गया। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें आरोपी बच्ची को गोद में ले जाते हुए दिखाई दे रहा है।
घटना शुक्रवार रात की है। प्लेफॉर्म नंबर-2 पर एक महिला अपनी दो बेटियों के साथ सो रही थी। रात में महिला बाथरूम गई। वह वापस आई तो एक व्यक्ति उसकी बेटी को ले जा रहा है। शोर मचाया, उसके पीछे दौड़ी। लेकिन तब तक वह चलती हुई ट्रेन में चढ़ गया।
रोती-बिलखती मां रेलवे पुलिस के पास पहुंची। पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने स्टेशन पर लगे CCTV कैमरे चेक किए। जिसमें एक व्यक्ति बच्ची को ले जाते हुए दिखाई दिया।

मथुरा जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर मां अपनी दो बेटियों के साथ सो रही थी
RPF थाना के सामने बेटियों के साथ सो रही थी पूजा
जबलपुर की रहने वाली पूजा ने कहा- मैं अपनी दो बेटियों सरस्वती (1) और गौरा (8) के साथ प्लेटफॉर्म- 2 पर RPF थाना के सामने सो रही थी। रात में करीब 10 बजे मैं बाथरूम के लिए गई। दो मिनट बाद ही वापस आ गई। तभी देखा एक व्यक्ति मेरी बेटी सरस्वती को लेकर जा रहा है।
मैंने शोर मचाया तो आरोपी भागने लगा। मैं और प्लेटफॉर्म पर मौजूद अन्य लोग उसके पीछे दौड़े। लेकिन तभी आरोपी वहां से आगरा की तरफ जा रही संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में चढ़ गया।
कचरा बीनने का काम करता है पिता
पूजा के पति आनंद स्टेशन पर ही कचरा बीनते हैं। पूजा आनंद के पास गई और उसे पूरी बात बताई। आनंद पूजा को लेकर जीआरपी थाने पहुंचे। पुलिस को सूचना दी। आनंद ने कहा- मैं स्टेशन पर कूड़ा कचरा और पानी की बोतलें बीनता हूं। इसी से मैं अपने परिवार का पालन-पोषण करता हूं। एक व्यक्ति मेरी बच्ची को उठा ले गया। मुझे मेरी बेटी चाहिए।

पिता ने कहा- कूड़ा कचरा, पानी की बोतल बिनकर घर का खर्च चलाते हैं।
3 टीम कर रही राजस्थान और मध्य प्रदेश तक तलाश
शिकायत के बाद GRP और RPF की टीम आरोपी की तलाश में जुट गई। GRP पुलिस की 3 टीम बच्ची की तलाश में राजस्थान और मध्य प्रदेश तक खाक छान रही हैं। स्टेशनों पर लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है। थाना प्रभारी यादराम ने बताया जल्द आरोपी का पता लगाया जाएगा। संभावित जगह टीम रवाना कर दी गई है।
मथुरा जंक्शन से पहले भी बच्चे चोरी हुए
तारीख 25 अगस्त 2022 जगह प्लेटफॉर्म 7-8
यहां अपनी मां के पास सो रहा एक बच्चे चोरी हो गया। मामले में रेलवे पुलिस ने हाथरस के एक डॉक्टर दंपती के साथ बच्चा खरीदने वाले फिरोजाबाद के पार्षद को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद किया था।
सर्कुलेटिंग एरिया से हुई थी बच्ची चोरी
तारीख 7 जनवरी 2023
सर्कुलेटिंग एरिया में सीढ़ियों के पास मां के साथ सो रही मां के साथ 3 साल की बच्ची गौरा सो रही थी। वह वहां से चोरी हो गई।
8 जनवरी को 10 नंबर ठोकराम धोबीघाट हरिद्वार की रहने वाली मां फूलवती ने GRP थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में GRP पुलिस आज तक गौरा को बरामद नहीं कर सकी।

सर्कुलेटिंग एरिया में सीढ़ियों के पास मां के साथ सो रही 3 साल की बच्ची चोरी हो गई।
पुलिस ने किया फर्जी खुलासा
तारीख 10 अक्टूबर 2023
पुलिस ने भिखारियों का एक गैंग पकड़ा। इस गैंग के पास से एक लड़की बरामद की। पुलिस ने कहा- यह वही बच्ची है, जिसे सर्कुलेटिंग एरिया से चोरी किया गया था।
पहचान के लिए फूलवती को बुलाया गया था। फूलवती ने कहा- यह मेरी बेटी है। इस मामले में पुलिस ने तिलक राम उर्फ अतुल पांडे, आरिफ उर्फ तोतला,तुलसी उर्फ तुलिया, काजल और हिना चौहान को जेल भेजा था। जबकि हिना का कहना था कि बच्ची उसकी है।

हिना चौहान ने कहा था बरामद बालिका उसकी बेटी
GRP ने जब हिना से कहा कि यह बच्ची चोरी की है तो वह चौंक गई। उसने कहा यह मेरी बेटी है। लेकिन पुलिस ने हिना की नहीं सुनी और उसे जेल भेज दिया। हिना के जेल जाने के बाद पति राजा चौहान ने सोशल मीडिया के माध्यम से बाल कल्याण समिति से गुहार लगाई।
DNA जांच के बाद हुई पुष्टि
बालिका पर दो मां के दावे के बाद बाल कल्याण समिति ने 12 अक्टूबर को उसे राजकीय शिशु सदन भेज दिया। 16 अक्टूबर 2023 को इस मामले में DNA कराने के आदेश करा लिए।
इस मामले में GRP पुलिस DNA रिपोर्ट को दबाती रही। कई बार पत्राचार किया, तब जाकर 24 जनवरी 2025 को GRP ने समिति को DNA रिपोर्ट दी। जिसमें बालिका हिना की होने की पुष्टि हुई।
इसके बाद बालिका को राजकीय शिशु सदन से मां हिना को सौंपा गया। GRP पुलिस की कार्यशैली के चलते खुद की बेटी के चोरी के आरोप में मां को जेल में रहना पड़ा। जबकि रेलवे पुलिस अभी तक गौरा को बरामद नहीं कर पाई।

GRP पुलिस की कार्यशैली के चलते खुद की बेटी के चोरी के आरोप में मां को जेल में रहना पड़ा।
एक साल पहले चोरी बच्चे का नहीं लगा सुराग
तारीख 14 सितंबर 2024
प्लेटफॉर्म नंबर 9/10 से 14 सितंबर सुबह 8 महीने का बच्चा शिवा चोरी हुआ। मां सुनीता बोतल में दूध को ठंडा कर रही थी। इसी दौरान बच्चा चोरी करने वाले शख्स ने शिवा की मां सुनीता से कहा- वह अपने बेटे को गुनगुना दूध पिलाए।
इसके बाद आरोपी ने बच्चे को बातों ही बातों में सुनीता से ले लिया और उसे लेकर भाग गया। इस मामले में पुलिस अभी तक शिवा को बरामद नहीं कर पाई है।

