लखनऊ : ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के खिलाफ ‘हिट जनता पार्टी’ (HJP) ने एंट्री मार ली है। सोशल मीडिया पर GenZ युवा दो खेमों में बंटे नजर आ रहे हैं। यूपी में भी इस डिजिटल कैंपेन का असर दिखाई देने लगा है।
22 मई को मथुरा में एक युवक कॉकरोच की ड्रेस पहनकर नगर निगम ऑफिस पहुंच गया। उसने गाना बजाकर डांस किया। पूछने पर बताया- वह यमुना में गिर रहे गंदे नालों से नाराज है।
इस वीडियो को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शेयर किया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर इस डिजिटल कैंपेन को अपना सपोर्ट दिया। लिखा- अब BJP और CJP आमने-सामने हैं।
वहीं, यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कॉकरोच जनता पार्टी को सिर्फ एक ड्रामा बताया। एक टीवी इंटरव्यू में उन्होंने कहा- कॉकरोच जनता पार्टी से बीजेपी को कोई खतरा नहीं है। विपक्ष के पास मुद्दे नहीं हैं। इसलिए ऐसे ट्रेंड्स के सहारे राजनीति कर रहा है।’
अब्बास अंसारी बोले- कॉकरोच पार्टी जॉइन करेंगे
सोशल मीडिया पर कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर मीम्स और पोस्ट की जंग छिड़ गई है। दो तरह के लोग इस वक्त कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर एक्टिव हैं। पहला ग्रुप- GenZ युवाओं का एक ग्रुप सरकार की नीतियों का विरोध कर रहा। दूसरा ग्रुप- उस पर देश को बदनाम करने का आरोप लगा रहा है।
सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी ने तो कॉकरोच जनता पार्टी से चुनाव लड़ने की इच्छा भी जता दी। वे 21 मई को मऊ पहुंचे थे। जब पत्रकारों ने पूछा कि 2027 का चुनाव किस पार्टी से लड़ेंगे। उन्होंने जवाब दिया- मेरे सभी जानने वाले लोग कॉकरोच जनता पार्टी जॉइन कर चुके हैं। इसके मुद्दे मुझे पसंद आ रहे हैं। कोई कार्यालय खुला हो तो मुझे भी ले चलो और जॉइन करा दो।

अब्बास अंसारी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि मैं सोच रहा हूं, क्यों न कॉकरोच जनता पार्टी जॉइन कर लूं। इसी से चुनाव लड़ूं।
OP राजभर बोले- अखिलेश ‘कॉकरोच’ के भरोसे हैं
अब्बास अंसारी के बयान पर सुभासपा चीफ और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने जवाब दिया। कहा- सोशल मीडिया पर गुस्साए युवाओं का एक ग्रुप है, जो अपनी आवाज उठा रहा। इसमें सभी पार्टियों और विचारधारा के युवा शामिल हैं। युवाओं की उम्र 15-16 साल तक है। इसलिए राजनीतिक और वोटिंग के रूप में इसका प्रभाव नहीं पड़ेगा।
लेकिन, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कॉकरोच जनता पार्टी के आने के बाद ये मान लिया कि वे यूपी के चुनाव से बाहर हो चुके हैं। सोशल मीडिया पर BJP vs CJP लिखने का मतलब है कि वे यूपी चुनाव की लड़ाई में नहीं हैं।

