लखनऊ : योगी सरकार ने गुरुवार देर रात 12 बजे 20 IAS अफसरों का ट्रांसफर कर दिया। इनमें 8 महिला अफसर हैं। 3 अफसर ऐसी हैं, जिन्हें महज 6 महीने में ही अहम पद से हटा दिया गया। इनमें राजस्व विभाग की सचिव सुधा वर्मा, चिकित्सा शिक्षा विभाग की सचिव महानिदेशक सारिका मोहन और महानिरीक्षक निबंधन नेहा शर्मा हैं।
इसी साल एक जनवरी को हुए ट्रांसफर में इन तीनों महिला अफसरों को महत्वपूर्ण पोस्टिंग दी गई थी। हालांकि, पद संभालने के बाद से ही इनकी शिकायतें सरकार तक पहुंच रही थीं। यही वजह है कि 6 महीने 9 दिन में ही इनका तबादला कर दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक, सुधा वर्मा की विभाग की प्रमुख सचिव अपर्णा यू से अनबन चल रही थी। उन्हें हटाकर श्रमायुक्त बनाया गया है। चिकित्सा शिक्षा विभाग की सचिव और महानिदेशक सारिका मोहन के कामकाज को लेकर भी शिकायतें थीं। उन्हें हटाकर आईजी रजिस्ट्रेशन बनाया है।
महानिरीक्षक निबंधन नेहा शर्मा को चिकित्सा शिक्षा विभाग में सचिव और महानिदेशक बनाया गया है। इसके साथ ही PCS से IAS बने कुछ अफसरों को भी तैनाती दी गई है।
- IAS सुधा वर्मा: श्रमायुक्त, उत्तर प्रदेश.
- IAS डॉ. सारिका मोहन: महानिदेशक, नियोजन, उत्तर प्रदेश.
- IAS नेहा शर्मा: DG, चिकित्सा शिक्षा एवं सचिव, चिकित्सा शिक्षा विभाग.
- IAS अरविंद कुमार: मिशन निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन.
- IAS जे. रीभा: अपर निदेशक, मुद्रण एवं लेखन सामग्री (अतिरिक्त प्रभार).
- IAS दीपा रंजन: विशेष सचिव, संस्कृति विभाग.
- IAS संजय कुमार सिंह-1: निदेशक, धर्मार्थ के साथ-साथ निदेशक, संस्कृति का भी अतिरिक्त प्रभार.
- IAS विशाल सिंह: निदेशक (सूचना) के पद से हटाकर विशेष सचिव, संस्कृति विभाग एवं निदेशक, संस्कृति का प्रभार दिया गया.
- IAS निधि कुमारी: विशेष सचिव, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग.
- IAS संदीप भागिया: MD, मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड.
- IAS अमित खत्री: अपर आयुक्त, राज्य कर, गौतमबुद्ध नगर.
- IAS राकेश कुमार पटेल: मुख्य विकास अधिकारी (CDO), आजमगढ़.
- IAS रेनू तिवारी: सचिव, राज्य महिला आयोग के पद से हटाकर विशेष सचिव, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग बनाया गया.
- IAS जग प्रवेश: विशेष सचिव, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग.
- IAS ओजस्वी राज: नगर आयुक्त, मथुरा-वृंदावन नगर निगम.
- IAS आलोक कुमार: मुख्य विकास अधिकारी (CDO), बलिया.
- IAS अजय कुमार गौतम: अपर आयुक्त, राज्य कर, गाजियाबाद प्रथम.
- IAS संजय कुमार सिंह: मुख्य विकास अधिकारी (CDO), इटावा.
- IAS मनिकन्दन ए०: अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त, राजस्व परिषद.
- IAS डॉ. वंदना वर्मा: विशेष सचिव, चीनी एवं गन्ना विभाग के साथ-साथ JMD, UP सहकारी चीनी मिल संघ लिमिटेड का अतिरिक्त प्रभार.
बिजली संकट के बाद रिया केजरीवाल को हटाया

बिजली संकट की वजह से जनता के सड़कों पर उतरने की गाज 2017 बैच की IAS अफसर रिया केजरीवाल पर गिरी।
प्रदेश के मध्यांचल क्षेत्र में गंभीर बिजली संकट और बिजली कटौती के कारण जनता के सड़कों पर उतरने की गाज मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की एमडी रिया केजरीवाल पर गिरी है। उन्हें हटाकर विशेष सचिव बाल विकास और पुष्टाहार के पद पर तैनाती दी गई है।
संदीप भागिया को हटाया, लेकिन प्राइज पोस्टिंग मिली

2018 बैच के IAS अफसर संदीप भागिया को मध्यांचल विद्युत वितरण निगम का एमडी बनाया गया है।
राज्य कर विभाग गौतमबुद्ध नगर के अपर आयुक्त और 2018 बैच के आईएएस अफसर संदीप भागिया को हटा दिया गया है। उन्हें मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी जैसे महत्वपूर्ण पद पर पोस्टिंग दी है।
राज्य कर विभाग के 60 अधिकारियों ने भागिया के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सीएम योगी और मुख्य सचिव एसपी गोयल से शिकायत की थी। भागिया पर अधिकारियों के साथ बदसलूकी करने का आरोप है। 14 जून को एक बैठक में उनकी डांट के बाद एक अधिकारी वेद प्रकाश सिंह की तबीयत बिगड़ गई थी, वे बेहोश हो गए थे।
दीपा रंजन को 3 साल बाद भी अच्छी पोस्टिंग नहीं
राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की प्रबंध निदेशक दीपा रंजन का करीब तीन साल बाद तबादला किया गया है। 2013 बैच की IAS दीपा सितंबर 2023 से इस पद पर कार्यरत हैं। उन्हें संस्कृति विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। जबकि, उनके बैच के अधिकांश अफसर जिलों में डीएम के पद पर तैनात हैं।

2013 बैच की IAS दीपा रंजन को संस्कृति विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है।
व्यापारियों की नाराजगी के बाद हटाए गए जग प्रवेश
मथुरा-वृंदावन में व्यापारियों की नाराजगी के बाद नगर आयुक्त जग प्रवेश को हटाया गया है। 2018 बैच के IAS जग प्रवेश को बीते साल मई में मथुरा-वृंदावन नगर निगम का आयुक्त बनाया था। हाल ही में महोली रोड पर नगर आयुक्त के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था।
निगम कर्मचारियों ने दुकानों के बाहर रखा सामान जब्त किया था। इस दौरान व्यापारियों और नगर आयुक्त में नोकझोंक हुई थी। व्यापारियों ने नगर आयुक्त के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था।
वहीं, शहर में कचरा उठाने वाली कंपनी के कर्मचारियों ने एक कब्रिस्तान की सफाई के दौरान 9 कब्रों और पेड़ो को क्षतिग्रस्त किया था। कंपनी ने मात्र 100 रुपए प्रति कब्र और पेड़ की दर से 3300 रुपए का मुआवजा भुगतान किया था। कब्रिस्तान कमेटी ने मामले में नाराजगी जाहिर की थी। बलिया की मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज को मथुरा-वृंदावन नगर निगम का आयुक्त बनाया गया है।

2018 बैच के IAS जग प्रवेश को वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है।
विशाल सिंह से संस्कृति विभाग का काम वापस लिया
2027 के चुनाव को देखते हुए सरकार ने सूचना एवं संस्कृति विभाग के निदेशक विशाल सिंह से संस्कृति विभाग का काम वापस ले लिया है। विशाल सिंह अब अपना पूरा फोकस सूचना विभाग पर करेंगे। इसके अलावा, संस्कृति विभाग के विशेष सचिव संजय सिंह को विभाग का निदेशक बनाया गया है।

2015 बैच के IAS विशाल सिंह से संस्कृति विभाग का काम वापस ले लिया गया है।
राकेश कुमार पटेल को आजमगढ़ में सीडीओ बनाया
पीसीएस से आईएएस में पदोन्नत 29 अधिकारियों में से लखनऊ के अपर मंडलायुक्त राकेश कुमार पटेल को आजमगढ़ में सीडीओ बनाया गया है। मुजफ्फरनगर के अपर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह को इटावा में सीडीओ नियुक्त किया है। गोंडा के अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार को बलिया में सीडीओ के पद पर तैनात किया गया है।
इटावा के CDO अजय कुमार गौतम का ट्रांसफर
इटावा के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अजय कुमार गौतम का ट्रांसफर कर गाजियाबाद प्रथम में अपर आयुक्त, राज्य कर बनाया गया है। 2020 बैच के IAS अजय कुमार गौतम ने 12 दिसंबर 2023 को इटावा में कार्यभार संभाला था।

2020 बैच के IAS अजय कुमार गौतम का ट्रांसफर इटावा से गाजियाबाद कर दिया गया है।

