Breaking
Wed. Oct 28th, 2026

तूफान अर्नब आंध्रप्रदेश से टकराया, रफ्तार 135kmph:50 ट्रेनें-21 फ्लाइट्स कैंसिल, स्कूल-कॉलेज बंद, बिजली गुल; MP-UP में बारिश का अलर्ट

विशाखापट्टनम/भुवनेश्वर/हैदराबाद/चेन्नई : चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ मंगलवार देर रात साढ़े तीन बजे आंध्र प्रदेश के तट से टकराया। तूफान के दौरान 125 से 135 kmph की रफ्तार से हवाएं चलीं। इसके असर से आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम, अनकापल्ली, काकीनाड़ा और कोनसीमा में भारी बारिश हो रही है।

निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा देखते हुए हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। तूफान के चलते 50 ट्रेनें और विजयवाड़ा-विशाखापट्टनम एयरपोर्ट पर 21 फ्लाइट्स रद्द की गई हैं। आंध्र प्रदेश और ओडिशा ने 4,000 साइक्लोन शेल्टर बनाए हैं।

ओडिशा में तेज बारिश के कारण 16 जिलों में स्कूल बंद किए गए हैं और 30 हजार लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है।

तूफान का असर आंध्र प्रदेश और ओडिशा तक सीमित नहीं रहेगा। मौसम विभाग ने तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

ओडिशा के दो इलाकों में 50 मिमी बारिश रिकॉर्ड

ओडिशा के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। चांदबली और धामनगर में 50 मिमी बारिश रिकॉर्ड हो रही है।

विशाखापट्टनम मौसम विभाग बोला- 2-3 घंटे में लैंडफॉल प्रोसेस पूरी

विशाखापट्टनम मौसम विभाग के डायरेक्टर पीवीएन मूर्ति ने बताया कि तूफान अर्नब नरसापुर और यनम के बीच टकराया। अब यह धीमा हो रहा है। अब इसकी स्पीड 3 किमी प्रति घंटा है। दो से तीन घंटे में लैंडफॉल प्रोसेस पूरी हो जाएगी। लैंडफॉल पूरा होने के बाद इसके उत्तर-पश्चिमोत्तर दिशा में जाने की उम्मीद है। अभी 125-135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। हवा की रफ्तार धीरे-धीरे कम होगी। बारिश शाम तक होगी, इसकी स्पीड भी धीरे-धीरे कम हो जाएगी।

आंध्र प्रदेश की मंत्री ने तूफान के बाद के हालात का जायजा लिया

आंध्र प्रदेश की मंत्री अनीता ने चीनागुमुलुरू में लोगों से मुलाकात की और तूफान अर्नब के बाद के हालात का जायजा लिया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *