नई दिल्ली : राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश समेत 12 राज्यों में शीतलहर चल रही है। राजस्थान के फतेहपुर (सीकर) का पारा -1 में पहुंच गया है। यहां खुले में रखे बर्तनों का पानी जम रहा है।
मध्य प्रदेश के भोपाल समेत 28 जिलों में शीतलहर का अलर्ट है। 8 जिलों में टेम्प्रेचर 6° के नीचे रिकॉर्ड किया गया है। ठंड के कारण भोपाल-इंदौर में स्कूलों का टाइम बदला गया है।
उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने राज्य के 25 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। सबसे कम तापमान अयोध्या में 4.5° रिकॉर्ड किया गया है। 9 शहरों में पारा 6 डिग्री से कम है।
कश्मीर के बारामूला, कुपवाड़ा, शोपियां, पुलवामा और बांदीपोरा बर्फबारी जारी है। यहां 7 जिलों में पारा माइनस में रिकॉर्ड किया गया। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में नदी जम गई।
दक्षिण भारत के तमिलनाडु और कर्नाटक में आज तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश के चलते पुडुचेरी और कराईकल के स्कूलों में शुक्रवार को छुट्टी घोषित की गई है।
सबसे पहले बर्फबारी की तस्वीरें…
बारामूला में पहली बर्फबारी के बाद घरों और पेड़ों पर जमी बर्फ। यहां शुक्रवार सुबह पारा माइनस 1° रिकॉर्ड किया गया।
बारामूला जिले के तंगमर्ग में बर्फ से ढके इलाके में गश्त करता जवान। यहां सीजन की पहली बर्फबारी हुई है।
सूरत के सरथाना नेचर पार्क में बाड़े के अंदर आग के चारों ओर इकट्ठा हिरणों का एक झुंड। यहां शुक्रवार सुबह 17° तापमान रिकॉर्ड हुआ।
ठंड बढ़ने के ये 2 कारण
पाकिस्तान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में लगातार बर्फबारी हो रही है।
पश्चिम-उत्तर भारत में 12.6 किमी की ऊंचाई पर 278 किमी प्रतिघंटा की गति से तेज ठंडी हवाएं चल रही हैं।
वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव है। इस वजह से बर्फ पिघल रही है। जिससे उत्तर भारत और मध्य भारत के इलाकों में ठंड बढ़ रही है।
आगे मौसम कैसा रहेगा
12 राज्यों में शीतलहर का अलर्ट, दो दिन बाद बदलेगा मौसम
दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पं. बंगाल, बिहार, झारखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में अगले दो-तीन दिन शीतलहर का अलर्ट है।
14 दिसंबर को राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढ़ से लगे मध्यप्रदेश के कुछ जिलों में शीतलहर से राहत मिल सकती है।
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी जारी रहेगी। हिमालय से उत्तर प्रदेश के इलाकों में पाला पड़ने का अलर्ट जारी किया गया है। जबकि नॉर्थ ईस्ट के असम, नगालैंड, मेघायल, त्रिपुरा और मणिपुर में कोहरा छाया रहेगा।
दक्षिण राज्यों तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक, पुडुचेरी में भी 14 दिसंबर को बारिश से राहत मिलेगी।
राज्यों से मौसम की खबरें…
राजस्थान : फतेहपुर- चौमूं में ओस और पानी जमा, 10 जिलों में पारा 5° से नीचे
उत्तरी हवाओं से राजस्थान में बर्फ जमा देने वाली सर्दी शुरू हो गई। 8 जिलों में शीतलहर का यलो अलर्ट है। सीकर, चूरू के एरिया में पिछले दो-तीन दिन से लगातार पाला पड़ रहा है। फतेहपुर (सीकर) का पारा तो माइनस (-1.0) में पहुंच गया है। जिसके कारण यहां खुले में रखे बर्तनों का पानी जम गया। कई जगह फसलों में पाला पड़ने जैसे हालात बन गए हैं। प्रदेश के 10 जिलों में पारा 5° से भी नीचे पहुंच गया है।
मध्य प्रदेश: 28 जिलों में शीतलहर, शहडोल के कल्याणपुर में पारा 3.1°
प्रदेश में अगले 4 दिन तक कड़ाके की सर्दी का अलर्ट है। शुक्रवार को भोपाल, जबलपुर समेत 28 जिलों में कोल्ड वेव (शीतलहर) चलेगी। कल्याणपुर, पिपरसमा और पचमढ़ी के अलावा रायसेन, गुना, उमरिया, मंडला और नौगांव में टेम्प्रेचर 6° के नीचे रहा। कल्याणपुर में पारा 3.3 डिग्री पहुंच गया। ठंड के कारण भोपाल-इंदौर में स्कूलों का टाइम बदला गया है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर के जू में जानवरों को सर्दी से बचाने के लिए हीटर लगाए गए हैं।
उत्तर प्रदेश: अयोध्या में पारा 5° से नीचे, मथुरा में राधा दामोदर को पहनाए ऊनी कपड़े
मौसम विभाग ने राज्य के 25 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। घने कोहरे से कई जगहों पर विजिबिलिटी 50 मीटर तक रह गई। सबसे कम तापमान अयोध्या में 4.5° रिकॉर्ड हुआ। मथुरा में भगवान राधा दामोदर लाल (श्रीकृष्ण) को ऊनी टोपी और हाथों में दस्ताने पहनाए गए हैं। गुरुवार को 9 शहरों में पारा 6 डिग्री से कम रिकॉर्ड किया गया।
छत्तीसगढ़: दो दिन शीतलहर का अलर्ट, मैनपाट में ओस जमी, दुर्ग में पारा 9°
कई जिलों में आज और कल दो दिन कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया गया है। मैदानी इलाकों में दुर्ग सबसे ठंडा (9.4 डिग्री) रहा। वहीं, सरगुजा के मैनपाट में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। गुरुवार को यहां का तापमान 3 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे खुले मैदानों में पौधों की पत्तियों पर ओस की बूंदें जम रही हैं।