नई दिल्ली : दिल्ली के कई इलाकों में सोमवार सुबह बारिश हुई। वहीं यूपी के नोएडा, गाजियाबाद और अलीगढ़ समेत 5 शहरों में बारिश हो रही है। लखनऊ में लगातार 15वें दिन भी बाढ़ की चपेट में है। कॉलोनियों में कमर तक पानी भरा हुआ है।
40 हजार से ज्यादा घर अब भी जलमग्न हैं। 3 लाख से ज्यादा की आबादी प्रभावित है। चंद्रिका देवी मंदिर परिसर में भी घुटनों तक पानी भरा है। मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी के 15 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड के केदारनाथ और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में रविवार को बर्फबारी हुई। नैनीताल में भारी ओले गिरे, जबकि ऋषिकेश, देहरादून और मसूरी में तेज बारिश हुई। देहरादून समेत 8 जिलों में आज बारिश-बर्फबारी की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश के मनाली, चंबा और लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी हुई। इससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। बीते 24 घंटे में बारिश-बर्फबारी से ठंड में इजाफा हुआ है।
नेपाल में भूस्खलन के कारण बूढ़ी गंडकी नदी में अचानक बाढ़ आने से बिहार के पश्चिम चंपारण स्थित वाल्मीकि नगर बैराज पर पानी का बहाव बढ़ने की संभावना है। बिहार के 8 जिलों में आज हल्की बारिश हो सकती है।
राजस्थान के बीकानेर, जैसलमेर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में बारिश हुई। इससे मौसम ठंडा हो गया। बीकानेर के लूणकरणसर में ओले भी गिरे। इन जिलों में 13 से 15 अक्टूबर तक आंधी-बारिश का यलो अलर्ट है।
…

उत्तराखंड में केदारनाथ की चोटियों पर रविवार को बर्फबारी हुई।

उत्तराखंड के रुड़की में तेज बारिश से गलियों में पानी नदी की तरह बहने लगा।

हिमाचल प्रदेश में लाहौल स्पीति के शिंकुला दर्रा में बर्फबारी के बाद वाहन फंस गए।

उत्तरप्रदेश के फैजुल्लागंज में गलियों में नाव चलीं। सड़कों पर खड़ी कारें तैर रही हैं।

हरियाणा में रविवार को मौसम बदल गया। सुबह फतेहाबाद और कैथल में बारिश हुई। कैथल की अनाज मंडी में बारिश का पानी भर गया।

