भुसावर/भरतपुर : राजस्थान के भरतपुर जिले में बयाना के पूर्व विधायक और बीजेपी नेता अतर सिंह भड़ाना की हत्या कर दी गई। पत्नी कमलेश ने बताया कि अतर सिंह रविवार शाम 6:30 बजे भौंड़ा गांव में अपने क्रेशर खनन लीज (प्लांट) पर पहुंचे थे। इसी दौरान 70 से 80 लोगों ने उन पर लाठी-पत्थरों से हमला कर दिया।
हमले में अतर सिंह और उनके सहयोगी गगन शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले वैर अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद अतर सिंह को जयपुर और गगन शर्मा को भरतपुर रेफर कर दिया गया। SMS थानाधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया- अतर सिंह की SMS हॉस्पिटल में रात 11:30 बजे अतर सिंह की मौत हो गई।
पूर्व विधायक पर हमले के बाद गांव में पुलिस बल तैनात है। घटना के बाद से गांव में कोई पुरुष नहीं है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर हमला करने के आरोप लगाए हैं।

पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना के सहयोगी गगन शर्मा हमले में घायल हो गए।

पूर्व विधायक को गंभीर हालत में वैर अस्पताल से जयपुर रेफर किया गया था।

घटना के बाद मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
पत्नी बोलीं- पुलिस को पता था, कार्रवाई नहीं की
पूर्व विधायक की पत्नी कमलेश का कहना है कि उनकी लीज का कनेक्शन काट दिया था और वाटर पंप भी खराब कर दिया था। लीज पर जाने वाले लोगों को भी वहां से भगा दिया जाता था। इस संंबध में पुलिस और प्रशासन को रोज सूचना दी जाती थी। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि रविवार शाम 6:30 से 7 बजे के बीच 70-80 लोगों ने मेरे पति और अन्य लोगों पर हमला किया। उन्होंने दावा किया कि अतर सिंह को गोली लगी थी। घटना के समय क्रेशर प्लांट पर करीब 20 से 25 कर्मचारी मौजूद थे।
चार साल से चल रहा था विवाद
थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने बताया- करीब 4 साल पहले क्रेशर को लेकर ग्रामीणों और संचालक के बीच झगड़ा और मारपीट हुई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि अतर सिंह ने चारागाह भूमि पर अतिक्रमण कर लिया था। साथ ही अवैध खनन कर रहे थे। लीज के रास्ते पर भी विवाद चल रहा है। लगभग दो साल से ग्रामीण बीच-बीच में धरना प्रदर्शन कर रहे थे।
पिछले एक साल से क्रेशर बंद था। अतर सिंह क्रेशर को चालू करवाने का प्रयास कर रहे थे। इसीलिए रविवार को भी अतर सिंह क्रेशर पर पहुंचे थे। इसके बाद ग्रामीणों से विवाद हो गया। धरना दे रहे ग्रामीणों ने अतर सिंह पर हमला कर दिया।
फायरिंग को लेकर जुटा रहे जानकारी
थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने बताया- किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में मामला दर्ज नहीं कराया गया है। भरतपुर से भी पुलिस बल मौके पर पहुंचा है। फायरिंग को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। क्रेशर पर 20-25 लोग मौजूद थे। इनमें कितने घायल हुए हैं, इसकी जानकारी नहीं है।
ग्रामीणों का आरोप- धरना स्थल से हटाने के बाद विवाद
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 10-15 दिन से शांतिपूर्ण ढंग से धरना प्रदर्शन चल रहा था। रविवार शाम भड़ाना पक्ष के 40-50 लोग मौके पर पहुंचे और हम लोगों को धरना स्थल से हटा दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते लाठी-पत्थर चलने लगे। इसी संघर्ष में भड़ाना गंभीर रूप से घायल हो गए।
वैर से किया था रेफर
वैर उप जिला अस्पताल के डॉक्टर रवि ने बताया- रात 8:15 बजे घायलों को हॉस्पिटल लेकर आए थे। जहां पूर्व विधायक और उनके सहयोगी को प्राथमिक इलाज के बाद रेफर कर दिया गया। वहीं डॉक्टरों ने प्रथमदृष्टया गोली लगने की घटना से इनकार किया है।

