इंफाल : मणिपुर के चंदेल जिले में जहरीली शराब पीने से 15 लोगों की मौत हो गई है। न्यूज एजेंसी INS के मुताबिक, 600 से ज्यादा लोग अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। इनमें से 3 की हालत गंभीर है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले 2 से 3 दिनों में यह मामला सामने आया है। लोगों की तबीयत शराब पीने के बाद बिगड़ी। हालांकि, शराब कहां से लाई गई थी, इसकी पक्की जानकारी उनके पास नहीं है।
साल 2026 में जहरीली शराब पीने से मध्यप्रदेश, गुजरात समेत 6 राज्यों में 120 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है।

मुख्यमंत्री युम्नाम खेमचंद सिंह ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ितों से मुलाकात की।

शिजा अस्पताल के MD डॉ. चेतन हुंडोंगबाम के मुताबिक, अस्पताल के सभी बेड भर गए हैं।
शराब में मेथनॉल मिलाने का शक, 10 लोग गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, प्रभावित लोगों ने जो शराब पी थी, उसे मणिपुर के काकचिंग जिले के सुगनू से खरीदा गया था। जांच में शराब में मेथनॉल मिलाए जाने की आशंका है। इस मामले में अब तक करीब 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि चंदेल जिले में स्थानीय स्तर पर शराब बनाने की कोई जानकारी नहीं मिली है। ऐसे में आशंका है कि दूसरे इलाकों से शराब लाकर यहां बेची गई थी। पुलिस शराब की सप्लाई करने वालों की तलाश कर रही है।

