- मध्य प्रदेश सरकार ने 18 नवंबर को दी विश्वविद्यालय को मान्यता
मथुरा : शिक्षा, चिकित्सा, हॉस्पिटैलिटी और रियल एस्टेट के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करने वाला मथुरा का प्रतिष्ठित केएम ग्रुप अब अपने कारोबार एवं शैक्षणिक विस्तार को दूसरे राज्यों तक ले जा रहा है। इसी क्रम में ग्रुप ने मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एसआर यूनिवर्सिटी की शुरुआत की है। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा 18 नवंबर को विश्वविद्यालय को मान्यता प्रदान किए जाने के बाद ग्रुप में उत्साह का माहौल है। इस उपलब्धि पर ग्रुप के चेयरमैन, मथुरा जिला पंचायत अध्यक्ष एवं केएम यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति किशन चौधरी को विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों द्वारा बधाई एवं शुभकामनाएं दी जा रही हैं।
केएम ग्रुप ने मथुरा में शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में केएम यूनिवर्सिटी एवं केएम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के माध्यम से अपनी मजबूत पहचान बनाई है। वहीं, रियल एस्टेट क्षेत्र में ग्रुप द्वारा ‘केएम सिटी’ के रूप में मथुरा की प्रीमियम टाउनशिप विकसित की जा रही है, जिसे शहर की प्रमुख आवासीय परियोजनाओं में शामिल किया जा रहा है। इसके साथ ही हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में भी ग्रुप एक बड़ी उपलब्धि की ओर अग्रसर है; प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय होटल ब्रांड मैरियट के होटल का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जिसके जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
एसआर यूनिवर्सिटी की स्थापना को लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किशन चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्रीजी के मार्गदर्शन और मध्य प्रदेश सरकार के सहयोग से मुरैना जैसे क्षेत्र में विश्वविद्यालय की स्थापना संभव हो सकी है। यह विश्वविद्यालय मध्य प्रदेश के आंतरिक एवं दूरस्थ क्षेत्रों में उच्च शिक्षा को और अधिक मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण प्रयास करेगा। इस सहयोग और आशीर्वाद के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का कोटि-कोटि धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
श्रीचौधरी ने कहा कि शिक्षा हमेशा से उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रही है। उनका प्रयास है कि गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा केवल बड़े शहरों तक सीमित न रहे, बल्कि दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों को भी अपने घर के नजदीक बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हों।
उन्होंने विशेष रूप से बेटियों की शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाली कई प्रतिभाशाली बेटियां केवल दूरी और अन्य व्यावहारिक कठिनाइयों के कारण उच्च शिक्षा प्राप्त नहीं कर पाती हैं। एसआर यूनिवर्सिटी के माध्यम से ऐसे क्षेत्रों में उच्च शिक्षा की पहुंच आसान बनाने और बेटियों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
मथुरा से शुरू हुआ केएम ग्रुप का सफर अब मध्य प्रदेश तक पहुंचना इस बात का संकेत है कि ग्रुप शिक्षा, स्वास्थ्य, हॉस्पिटैलिटी और रियल एस्टेट जैसे क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। एसआर यूनिवर्सिटी की शुरुआत को इसी विस्तार की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

