- मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कश्मीरी गेट आईएसबीटी से 100 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई, साथ ही दिल्ली-हापुड़ अंतरराज्यीय बस सेवा भी शुरू की
नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को कश्मीरी गेट आईएसबीटी से 100 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसी मौके पर दिल्ली-हापुड़ अंतरराज्यीय बस सेवा का भी शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के पास देश का सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक बस बेड़ा है और सरकार डीटीसी को पूरी तरह इलेक्ट्रिक बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे सार्वजनिक परिवहन को अपनाकर इस बदलाव में भागीदारी करें। सरकार पर्यावरण अनुकूल और स्वच्छ परिवहन व्यवस्था को प्राथमिकता दे रही है। इन नई इलेक्ट्रिक बसों से प्रदूषण नियंत्रण और यात्रियों को सुविधा दोनों में मदद मिलेगी।
इन बसों के शामिल होने से दिल्ली के बस बेड़े की संख्या बढ़कर 7,088 हो गई है। इसमें 5,338 इलेक्ट्रिक और 1,750 सीएनजी बसें शामिल हैं। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2028 तक इस बेड़े को 14,000 बसों तक विस्तारित करना है। दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक, सुगम और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर कैबिनेट सहयोगी डॉ. पंकज कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।

