बेंगलुरु : बेंगलुरु में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- कांग्रेस और DMK के बीच पिछले 25-30 साल से करीबी संबंध रहे हैं। DMK ने कई बार कांग्रेस को संकट से बाहर निकाला। 2014 से पहले केंद्र में 10 साल तक चली कांग्रेस सरकार भी DMK के समर्थन की वजह से ही टिकी रही।
DMK ने हर समय कांग्रेस के हित में काम किया, लेकिन जैसे ही सत्ता का समीकरण बदला, कांग्रेस ने पहले ही मौके पर DMK की पीठ में छुरा घोंप दिया। उन्होंने यह बात ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ के 45वें स्थापना दिवस समारोह में कही। पीएम रविवार से तीन राज्यों के दौरे पर हैं।
मोदी तेलंगाना और गुजरात भी जाएंगे
बेंगलुरु से पीएम दोपहर 3 बजे के करीब तेलंगाना पहुंचेंगे। यहां हैदराबाद में 9,400 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स की नींव रखेंगे। कुछ का इनॉगरेशन करेंगे और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
इसके बाद शाम को पीएम गुजरात जाएंगे, रविवार रात को जामनगर में रुकेंगे। 11 मई को पीएम सुबह करीब 10.15 बजे सोमनाथ मंदिर में ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ में शामिल होंगे। बाद में वे वडोदरा जाएंगे, जहां ‘सरदारधाम हॉस्टल’ का उद्घाटन करेंगे। यहां एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

पीएम ने बेंगलुरु में आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर में नव-निर्मित मंदिर में पूजा की।
कांग्रेस पार्टी सिर्फ धोखा देना जानती है: पीएम
पीएम ने कहा- कांग्रेस पार्टी सिर्फ धोखा देना जानती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खुद झूठ बोलती है और उसकी गारंटियां भी झूठी होती हैं। कर्नाटक में पिछले तीन साल से यही स्थिति देखने को मिल रही है।
राज्य सरकार जनता की समस्याएं हल करने के बजाय अपना ज्यादातर समय अंदरूनी झगड़े सुलझाने में बिता रही है। उन्होंने आगे कहा कि यह तक तय नहीं हो पा रहा कि मौजूदा मुख्यमंत्री कितने दिन तक पद पर रहेंगे और दूसरे नेता को मौका मिलेगा या नहीं।
400 से ज्यादा सीटें जीतने वाली पार्टी 100 सीटें भी नहीं जीत पा रही: पीएम
पीएम ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि 40 साल पहले 400 से ज्यादा सीटें जीतने वाली पार्टी पिछले तीन चुनावों में मिलकर भी 100 सीटों का आंकड़ा पार नहीं कर पाई। इसके बावजूद कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों का अहंकार इतना ज्यादा है कि वे अपनी हार के लिए पूरी दुनिया को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
पश्चिम बंगाल में भी BJP को पहली बार इतना बड़ा जनादेश मिला : पीएम
पीएम ने BJP और NDA की जीत का जिक्र करते हुए कहा कि देशभर में पार्टी को बड़ा समर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि पुडुचेरी में लगातार दूसरी बार और असम में लगातार तीसरी बार NDA सरकार बनी है।
पश्चिम बंगाल में भी BJP को पहली बार इतना बड़ा जनादेश मिला है। उन्होंने इसे पार्टी के लिए अहम राजनीतिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा यह भी कहा कि दो हफ्ते पहले गुजरात में हुए पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों में BJP ने रिकॉर्ड जीत हासिल की। उनके मुताबिक, गुजरात BJP ने अपने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए।
कर्नाटक में भाजपा पहले स्थान पर है: पीएम
पीएम ने कहा- आपको याद होगा कि महज 10 साल पहले बंगाल में हमारे पास सिर्फ 3 विधायक थे। लेकिन आज वहां भाजपा की सरकार है और 200 से अधिक विधायक हैं। केरल में भी अब हमारे पास 1 से बढ़कर 3 विधायक हो गए हैं। अब वह दिन दूर नहीं जब केरल में भाजपा-एनडीए के विधायकों की संख्या 3 से बढ़कर 3 से अधिक हो जाएगी।
पीएम ने कहा- आज आंध्र प्रदेश में एनडीए सरकार सत्ता में है। लोकसभा सीटों की संख्या के हिसाब से देखें तो कर्नाटक में भाजपा पहले स्थान पर है। तेलंगाना में भाजपा दूसरे स्थान पर है। पुडुचेरी में भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए लगातार दूसरी बार सरकार बना रहा है।

