दैनिक उजाला, मुंबई : बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान के बांद्रा स्थित घर पर मुंबई पुलिस क्राइम सीन रिक्रिएट कर सकती है। इस केस में पुलिस ने रविवार को ठाणे से एक बांग्लादेशी को पकड़ा है। दावा है कि यही व्यक्ति सैफ के घर घुसा था।

शरीफुल इस्लाम शहजाद नाम के आरोपी को पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस के अनुसार, जांच के तहत अगले पांच दिनों में आरोपी को सतगुरु शरण बिल्डिंग स्थित सैफ के घर ले जाया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि शहजाद 16 जनवरी की सुबह चोरी के इरादे से बॉलीवुड स्टार के अपार्टमेंट में घुसा था। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि वह इमारत की आठवीं मंजिल तक सीढ़ियों से पहुंचा। इसके बाद एक पाइप का उपयोग करके 12वीं मंजिल पर चढ़ा और बाथरूम की खिड़की के रास्ते सैफ के फ्लैट में घुस गया।

आरोपी हमलावर है या नहीं, पुलिस बोली- जांच चल रही

पुलिस ने रविवार सुबह प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि आरोपी को शनिवार रात 2 बजे ठाणे के एक लेबर कैंप से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह तो कहा कि आरोपी सैफ अली खान के घर में घुसा था, लेकिन पुलिस ने इसका स्पष्ट जवाब नहीं दिया कि इसी आरोपी ने सैफ पर हमला किया था या नहीं। जब मीडिया ने पूछा कि वारदात के समय वह अकेला था या कुछ और लोग भी साथ थे, तो पुलिस ने कहा- जांच चल रही है।

इससे पहले पुलिस ने शनिवार को एक संदिग्ध को छत्तीसगढ़ के दुर्ग से हिरासत में लिया था, लेकिन वह इस मामले में शामिल नहीं निकला, जिसके बाद उसे छोड़ दिया गया। पुलिस अब तक करीब 50 लोगों से पूछताछ कर चुकी है।

पुलिस का दावा- आरोपी ने भारत आकर नाम बदला

पुलिस ने यह भी कहा कि पकड़े गए आरोपी का नाम मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद है। उसकी उम्र 30 साल है। भारत में अवैध रूप से आने के बाद उसने अपना नाम विजय दास रख लिया था। वह 5-6 महीने पहले मुंबई आया था। यहां एक हाउसकीपिंग एजेंसी में काम करता था। वह पहली बार ही सैफ अली खान के अपार्टमेंट में घुसा था।

सैफ को 6 घाव थे, पीठ में चाकू का ढाई इंच टुकड़ा फंसा था

यह तस्वीर लीलावती अस्पताल की बताई गई है। यहां के डॉक्टरों ने सैफ की रीढ़ की हड्डी के पास फंसा चाकू का यह टुकड़ा निकाला गया।

यह तस्वीर लीलावती अस्पताल की बताई गई है। यहां के डॉक्टरों ने सैफ की रीढ़ की हड्डी के पास फंसा चाकू का यह टुकड़ा निकाला गया।

सैफ अली खान अटैक केस में अब तक क्या…

15 जनवरी: सैफ अली खान पर घर पर चाकू से हमला

15 जनवरी की रात आरोपी सैफ अली खान के बांद्रा स्थित घर पर घुसा। आरोपी ने सैफ पर चाकू से हमला किया। उन्हें गले, पीठ, हाथ और सिर समेत 6 जगह चाकू लगा था। उन्हें रात में ही हॉस्पिटल ले जाया गया था।

16 जनवरी: रीढ़ की हड्डी में फंसा चाकू का टुकड़ा निकाला गया

लीलावती अस्पताल के डॉक्टर के मुताबिक सैफ की रीढ़ की हड्डी में चाकू का टुकड़ा फंसा था और फ्लूड भी लीक हो रहा था। सर्जरी करके इसे निकाला गया है। डॉक्टर ने कहा कि अगर एक्टर की रीढ़ में चाकू 2 मिमी. और धंस गया होता तो रीढ़ की हड्डी को काफी नुकसान पहुंच सकता था।

17 जनवरी: ऑपरेशन के बाद सैफ ICU से स्पेशल रूम में शिफ्ट

मुंबई के लीलावती हॉस्पिटल के चीफ न्यूरोसर्जन डॉ. नितिन डांगे और COO डॉ. नीरज उत्तमानी ने शुक्रवार को बताया कि सैफ को ICU से अस्पताल के स्पेशल रूम में शिफ्ट कर दिया गया है। वे खतरे से बाहर हैं।

18 जनवरी: पुलिस ने छत्तीसगढ़ से एक संदिग्ध को अरेस्ट किया

पुलिस ने शनिवार को एक संदिग्ध को छत्तीसगढ़ के दुर्ग से हिरासत में लिया। RPF प्रभारी संजीव सिन्हा के मुताबिक, संदिग्ध को शालीमार ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस से पकड़ा गया। यह शख्स जनरल डिब्बे में बैठा था। इसकी पहचान मुंबई से भेजे गए, फोटो के आधार पर की गई। इस संदिग्ध से जुड़े आगे के अपडेट सामने नहीं आए हैं।

19 जनवरी: पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया

मुंबई पुलिस ने ठाणे से एक आरोपी की गिरफ्तारी की बात कही। दावा किया कि वह चोरी की नीयत से सैफ अली खान के घर में घुसा था। कहा गया है कि आरोपी के पास भारत का कोई वैध दस्तावेज नहीं है। उसके बांग्लादेशी होने का शक है। उसने भारत आकर नाम भी बदला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

banner