भोपाल/जयपुर/लखनऊ/पटना : देश के कई राज्यों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। महाराष्ट्र में तीन दिन से लगातार बारिश हो रही है। मुंबई-पुणे रेल रूट पर करजत-लोनावला के भोर घाट सेक्शन में दो जगह लैंडस्लाइड हो गई। तीनों रेलवे लाइनें प्रभावित हो गईं। 20 ट्रेनों को कैंसिल करना पड़ा।
उधर, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भी लैंडस्लाइड होने से रास्ता बंद हो गया। मुंबई में कल से 75kmph की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं, 142 पेड़ उखड़ गए। BMC ने आज सरकारी, प्राइवेट और नगर निगम के सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है।
लोगों से घर में रहने की अपील की गई है। मुंबई में प्राइवेट ऑफिसों के कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम करने को कहा गया है।
वहीं जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में भारी बारिश के बाद लैंडस्लाइड हो गई। 6-7 गाड़ियां मलबे में दब गईं। मलबा हटाने का काम जारी है।

महाराष्ट्र के नालासोपारा ईस्ट में वसई स्टेशन के पास सड़क पर पानी भर गया। लोग रेलवे ट्रैक पर चलने लगे।

पुणे के मावल में बारिश के चलते लैंडस्लाइड में एक घर दब गया। मलबे में कुछ लोगों के फंसे होने की सूचना है।

महाराष्ट्र के पुणे में समृद्धि लेक सोसाइटी की बाउंड्री वॉल पार्किंग शेड पर गिर गई।

गुजरात के ऊना में भारी बारिश के बाद बाढ़ आ गई। कनेक्टिविटी बाधित होने से कई गांवों से संपर्क कट गया।

छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार के बालमदेही नदी में बाढ़ में फंसे श्रद्धालुओं को निकाला गया।
महाराष्ट्र में खराब मौसम से निपटने की क्या है तैयारी
- लोगों से अपील की है कि बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।
- पेड़ों, जर्जर इमारतों, होर्डिंग्स और बिजली के खंभों से दूर रहें।
- वाहनों को पेड़ों के नीचे पार्क न करें और समुद्र तट व जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचें।
- स्थिति से निपटने के लिए करीब 15 हजार कर्मचारी और अधिकारी तैनात किए गए हैं।
- किसी भी आपात स्थिति में लोग BMC हेल्पलाइन 1916 पर संपर्क कर सकते हैं।
मुंबई में वर्क फ्रॉम होम की इजाजत, आधे दिन की छुट्टी
मुंबई में बारिश के चलते निजी कंपनियों से कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम (घर से काम) करने को कहा गया है। वहीं, गैर-जरूरी और सेमी-गर्वनमेंट ऑफिस में आधे दिन की छुट्टी घोषित की गई है।
जम्मू-कश्मीर: किश्तवाड़ में लैंडस्लाइड, कई गाड़ियां मलबे में दबीं
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में भारी बारिश के बाद लैंडस्लाइड हो गया। कई गाड़ियां मलबे में दब गईं। फिलहाल मलबा हटाने का काम जारी है।
मध्यप्रदेश: 23 जिलों में बारिश का अलर्ट, जुलाई में अबतक 6.4 इंच पानी गिरा

मध्य प्रदेश में मानसून जमकर बरस रहा है। अब तक औसत 6.4 इंच पानी गिर चुका है। रविवार को 20 से ज्यादा जिलों में तेज बारिश हुई, जबकि सोमवार को 23 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है।
राजस्थान: मानसून पूरे प्रदेश में एक्टिव, जयपुर में रातभर बरसात

राजस्थान में आज 4 जिलों के छोड़कर पूरे प्रदेश में बारिश का ऑरेंज और यलो अलर्ट है। जयपुर में रातभर हुई बरसात से मौसम बदल गया है। सवाई माधोपुर में भी बीते 24 घंटे में 2 इंच से ज्यादा पानी बरसा है। बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन सिस्टम के असर से राजस्थान में अगले 4-5 दिन भारी बारिश हो सकती है।
पंजाब-चंडीगढ़: 4 दिन भारी बारिश का अलर्ट, आज 15 जिलों के लिए चेतावनी

पंजाब और चंडीगढ़ में अगले चार दिन भारी बारिश की संभावना है। यलो अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह अब नॉर्मल के समान बना हुआ है। सबसे अधिक तापमान 40.3 डिग्री बठिंडा में दर्ज किया गया है।
हरियाणा: 11 जुलाई तक बारिश का अलर्ट, निचले इलाकों में पानी भर सकता है

हरियाणा में 11 जुलाई तक बारिश का अलर्ट है। इस दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। लगातार बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव, यातायात प्रभावित होने और छोटे नालों व बरसाती नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की स्थिति बन सकती है।
बिहार: 12 जिलों में बारिश का अलर्ट, 60kmph की रफ्तार से हवा चल सकती है

बिहार में आज 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। 60kmph की रफ्तार से हवा चल सकती है। बीते 24 घंटे में पटना समेत 7 जिलों में बारिश हुई। सुपौल और बेगूसराय में दिनभर बादल छाए रहे।
उत्तराखंड: बारिश के चलते 30 सड़कें बंद, यमुनोत्री हाईवे पर मलबा गिरा

उत्तराखंड के सभी जिलों में सोमवार को बारिश की संभावना है। प्रदेश में फिलहाल 30 सड़कें बंद हैं। पिथौरागढ़ जिले की सड़क पर मलबा आने से लोगों को पैदल जाना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने नदी का जलस्तर बढ़ने, लैंडस्लाइड की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम का हाल
7 जुलाई
- यूपी के 22 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
- पश्चिम बंगाल के 2 जिलों में रेड अलर्ट और 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
- ओडिशा में 5 जिलों में रेड अलर्ट और आठ अन्य जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
8 जुलाई
- आंध्र प्रदेश, झारखंड, ओडिशा में भी तेज बारिश की चेतावनी है।
- असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होगी।
- सिक्किम, गोवा, तेलंगाना और कर्नाटक में समुद्र के करीबी इलाकों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।

