Breaking
Mon. May 11th, 2026

ओडिशा में अवैध खनन रोकने गए युवक के माफियाओं ने काटे दोनों हाथ, सड़क पर तड़प-तड़पकर हुई मौत

  • ओडिशा के नयागढ़ में पत्थर माफियाओं ने अवैध खनन रोकने गए अजीत कुमार साहू की बेरहमी से हत्या कर दी, उनके दोनों हाथ काट दिए गए

भुवनेश्वर : राजधानी भुवनेश्वर के उपकंठ बालियंता में जीआरपी जवान की मॉब लिंचिंग और बालिपाटणा में युवक की पीट-पीटकर हत्या की घटना से राज्य अभी उबर भी नहीं पाया था कि नयागढ़ जिले में सोमवार को एक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आ गई। 

जिले के ओडगांव क्षेत्र में पत्थर माफियाओं ने एक युवक की इतनी बेरहमी से हत्या कर दी कि पूरे इलाके में दहशत फैल गई। बदमाशों ने युवक के दोनों हाथ काट डाले और उसे सड़क पर खून से लथपथ छोड़कर फरार हो गए।

मृतक की पहचान अजीत कुमार साहू के रूप में हुई है। यह सनसनीखेज वारदात ओडगांव थाना से महज दो किलोमीटर दूर कदलीबंध गांव में तड़के हुई। सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे शव पड़ा देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब एक बजे अजीत कुमार साहू और उनके साथी संतोष कुमार प्रधान दो पत्थर लदे वाहनों को रोकने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान पत्थर माफियाओं ने दोनों पर अचानक हमला कर दिया।

हथियार से अजीत के दोनों हाथ काट दिए

धारदार हथियार से अजीत के दोनों हाथ काट दिए गए। गंभीर रूप से घायल अजीत सड़क पर तड़पते रहे, जबकि साथी संतोष जान बचाकर पास के एक ढाबे में छिप गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की खबर फैलते ही गांव में भारी आक्रोश फैल गया। परिजनों और ग्रामीणों ने शव रखकर सड़क जाम कर दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के साथ मुआवजे की मांग की। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया। 

राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल

साइंटिफिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी रही। शरणकुल एसडीपीओ दीप्तिकांत प्रधान, ओडगांव थाना प्रभारी सत्यानारायण बारिक और शरणकुल आईआईसी सुजीत कुमार दास ने घटनास्थल पहुंचकर जांच का जिम्मा संभाला।

इधर, लगातार सामने आ रही हिंसक घटनाओं ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले गुरुवार को बालियंता में जीआरपी जवान सौम्यरंजन स्वाईं की सरेआम मॉब लिंचिंग में बेरहमी से हत्या कर दी गई थी।

मामूली सड़क विवाद के बाद कुछ युवकों ने उन्हें बेरहमी से पीटा था। आरोप है कि हाथ-पैर बांधकर लोहे के सहारे उल्टा लटकाया गया और फिर रॉड व लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।घटना के समय मौके पर भारी भीड़ मौजूद थी और पुलिस भी वहां पहुंची थी, लेकिन भीड़ का उग्र रूप नहीं थम सका।

नशेड़ी युवकों ने लूटपाट के इरादे से हमला किया

इसके अगले ही दिन बालिपाटणा थाना क्षेत्र के बेंगबती गांव में राकेश महांति नामक युवक की भी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि कुछ नशेड़ी युवकों ने लूटपाट के इरादे से हमला किया था। 

गंभीर रूप से घायल राकेश को कैपिटल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।लगातार तीन दिनों में सामने आई इन जघन्य वारदातों ने पूरे राज्य में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। विपक्ष भी कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर हमलावर हो गया है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *