Breaking
Sat. Oct 17th, 2026

कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर 20 फीट नीचे नाले में गिरी मिनी बस, 8 श्रद्धालुओं की मौत; 10 लोग घायल

  • राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह यात्रियों को ले जा रही एक मिनी बस के नाले में गिरने से 8 लोगों की मौत हो गई

राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह 25 से अधिक यात्रियों को ले जा रही एक मिनी बस के नाले में गिरने से आठ यात्रियों की मौत हो गई। जबकि 10 लोग घायल हो गए। हादसा शनिवार सुबह सिमलिया थाना क्षेत्र में हुआ। जानकारी के अनुसार, कराडिया के पास सवारियों से भरी ट्रेवल्स मिनी बस पुलिया से नीचे गिर गई। हादसे के शिकार हुए लोग भोपाल से खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए जा रहे थे।

नाले में 20 फीट नीचे गिरी मिनी बस

सीमलिया पुलिस थाने के एसएचओ नंद सिंह ने बताया कि ट्रैवलर ने कराड़िया टोल प्लाजा पार किया था और सुल्तानपुर की ओर बढ़ रही थी, इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैवलर के चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे बस की स्पीड अधिक होने के कारण वाहन से नियंत्रण पूरी तरह छूट गया और बस सड़क पर लगे मजबूत डिवाइडर को तोड़ते हुए पुलिया के बीच से सीधे नीचे नाले में करीब 20 फीट नीचे गिर गई।

 ट्रैवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर 

इस हादसे में ट्रैवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और भीतर बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई, स्थानीय लोगों ने कई लोगों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। इस मामले में बताया जा रहा है कि 8 लोगों की मोत हो गई, जबकी 10 लोग घायल हो गए हैं। घायलों को एंबुलेंस के जरिए कोटा मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल और एमबीएस हॉस्पिटल ले जाया गया है, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

हादसा सुबह करीब सात बजे का बताया जा रहा है। हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मदद के लिए दौड़े। वहीं सूचना मिलते ही सीमलिया थाना पुलिस, एनएचएआई की रेस्क्यू टीम और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं जहां से घायलों को निकाला गया। ट्रैवलर 20 फीट गहरे नाले में फंसी हुई थी, जिससे यात्रियों को बाहर निकालने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। 

बढ़ सकती है मृतकों की संख्या

पुलिसकर्मियों और बचाव दल ने एक-एक कर यात्रियों को नाले से सुरक्षित ऊपर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि हादसे में चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि तीन गंभीर घायलों की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घायलों में से कई की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को कोटा मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल और एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उपचार जारी है। यह सभी यात्री भोपाल से खाटूश्याम जी दर्शन के लिए जा रहे थे, तभी कोटा में हादसा हो गया। इससे कुछ महीने पहले सिरोही जिले के आबूरोड शहर में तेज गति से आ रही एक बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही कार से भिड़ गई थी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *