- अजमेर में एक सांप चांदी की अंगूठी में फंस गया, स्थानीय लोगों ने सांप को तड़पता देखा तो रेस्क्यू अभियान चलाया
अजमेर: पुष्कर की पवित्र सरोवर के किनारे एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सांप चांदी की अंगूठी में फंस गया था। अंगूठी में फंसने की वजह से सांप काफी देर से तड़प रहा था। स्थानीय लोगों ने सांप को बुरी तरह से तड़पते हुए देखा। ध्यान से देखने पर पता चला कि सांप के शरीर के बीचों-बीच एक चांदी की अंगूठी फंसी हुई थी, जिसकी वजह से उसका दम घुट रहा था और वह हिल-डुल भी नहीं पा रहा था। जैसे ही इस बात की जानकारी आस-पास के लोगों को मिली तो लोग एनिमल केयर सोसाइटी की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद किसी तरह से अंगूठी से सांप को निकाला गया।
तेल लगाने पर भी नहीं निकली अंगूठी
दरअसल, स्थानीय लोगों ने सांप को तड़पते हुए देखा। जब ध्यान से देखा गया तो पता चला कि सांप एक अंगूठी में बुरी तरह से फंस गया, जिस वजह से उसे काफी तकलीफ हो रही थी। इसके बाद रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। पहले तो टीम ने सांप के शरीर पर तेल लगाया, ताकि अंगूठी फिसल कर बाहर निकल जाए। हालांकि तेल लगाने के बाद भी सांप के शरीर से अंगूठी बाहर नहीं निकली। अंगूठी बहुत ज्यादा टाइट होने की वजह से सांप के शरीर में ही फंसी रह गई। इसके बाद टीम ने सूझबूझ दिखाई और सांप को सुरक्षित रूप से एक डिब्बे में बंद किया।
ज्वैलर की मदद से काटकर निकाली अंगूठी
इसके बाद रेस्क्यू टीम ने सांप को डिब्बे में बंद करके पास के ही एक ज्वैलर (सुनार) के पास ले गए। इसके बाद सुनार ने कटर की मदद से बेहद सावधानीपूर्वक चांदी की अंगूठी को काटकर सांप के शरीर से अलग किया, जिसके बाद सांप को राहत मिली। इसके बाद रेस्क्यू टीम ने सांप को दोबारा डिब्बे में बंद करके खुले इलाके में छोड़ दिया। पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सांप के शरीर से अंगूठी निकालने हुए देखा जा सकता है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। आशंका जताई जा रही है कि किसी श्रद्धालु द्वारा धार्मिक आस्था के चलते सरोवर में चांदी की अंगूठी अर्पित की गई होगी। जब यह सांप आकार में बहुत छोटा रहा होगा, तब यह उस अंगूठी के बीच से गुजरा होगा और अंगूठी इसके शरीर में फंस गई। जैसे-जैसे सांप का आकार बढ़ा, अंगूठी उसके शरीर में धंसती चली गई।

