Breaking
Sat. Aug 29th, 2026

कप्तानी जाने पर पहली बार सूर्यकुमार बोले: डेढ़ महीने सोचता रहा ऐसा कैसे हुआ; लगा था ओलिंपिक और अगले टी-20 वर्ल्डकप में कप्तान रहूंगा

दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : भारत के पूर्व टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहली बार अपनी कप्तानी छिनने पर चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने कहा- ‘मैं करीब डेढ़ महीने तक घर पर बैठकर यही सोचता रहा कि ऐसा कैसे हो सकता है।’

पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा के यूट्यूब चैनल पर बातचीत में सूर्यकुमार ने कहा- मैंने सोचा था कि 2028 लॉस एंजिल्स ओलिंपिक और अगले टी20 वर्ल्ड कप तक भारतीय टीम को संभालूंगा।’

अजित अगरकर की अगुआई वाली सिलेक्शन कमेटी ने टी-20 वर्ल्डकप 2026 जीतने के बाद सूर्यकुमार को कप्तानी से हटा दिया था। उनकी जगह श्रेयस अय्यर नए कप्तान बने। यहां तक आयरलैंड और इंग्लैंड की टीम में भी उन्हें शामिल नहीं किया गया। सिलेक्टर्स ने उनके खराब फॉर्म को इसकी वजह बताया।

सूर्या बोले- खुद को सिलेक्टर्स की जगह रखकर सोचा

सूर्यकुमार ने बताया कि टीम से बाहर किए जाने पर खुद को सिलेक्टर्स की जगह रखकर सोचा। समझने की कोशिश की कि वे उनसे आगे बढ़कर भविष्य के लिए नई टीम क्यों बनाना चाहते हैं।

उन्होंने कहा- ‘जब मेरा नाम टीम में नहीं था, तब मैं मुस्कुराया। मैच के दौरान जब भी दबाव की स्थिति आई, मैंने खुद को शांत रखने की कोशिश की। मैंने सोचा नहीं था कि ऐसा होगा।’ सूर्या ने खुद को मिले मौकों के लिए शुक्रिया भी कहा।

सूर्या की कप्तानी में भारत एक भी बाइलेटरल सीरीज नहीं हारा।

सूर्या की कप्तानी में भारत एक भी बाइलेटरल सीरीज नहीं हारा।

सूर्या बोले- फोन पर सिलेक्टर्स ने कहा आप टीम में नहीं होंगे

सूर्या ने कहा कि टीम के ऐलान से तीन दिन पहले सिलेक्शन कमेटी ने मुझसे बात की थी। मुझे बताया गया था, ‘इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के लिए टीम में मेरा नाम नहीं होगा। अब आगे बढ़ने का समय है। मैंने रिएक्ट नहीं किया, क्योंकि इसमें मेरी गलती नहीं थी।’

इस पर सूर्या ने सिलेक्टर्स से कहा- ‘जो फैसला लिया गया, वह निश्चित ही टीम के लिए बेहतर होगा। आपने फैसला लिया और मुझे बता दिया। कोई समस्या नहीं है। मैं खेलता रहूंगा। जब आपको लगे कि सही समय है, तब बुला लीजिए।’

वर्ल्ड कप जिताने के बाद भी सूर्यकुमार बाहर

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने इसी साल 8 मार्च को टी-20 वर्ल्ड कप जीता था। इस जीत के साथ भारत अपने टाइटल को डिफेंड करने और लगातार दो टी-20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने वाला दुनिया का पहला देश बना।

सूर्या टी-20 में भारत के सफल कप्तान हैं। उनकी कप्तानी में भारत ने 52 टी-20 मैच खेले। इसमें 42 जीते , 8 हारे और दो मैचों का नतीजा नहीं निकला। उनका जीत प्रतिशत 80.76% है। सूर्यकुमार की अगुआई में भारत ने 2026 टी-20 वर्ल्ड कप, 2025 एशिया कप अपने नाम किया था।

रोहित के बाद सूर्या को कप्तानी मिली थी

वेस्टइंडीज में 2024 टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद रोहित शर्मा ने इस फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था। इसके बाद सूर्यकुमार यादव को भारत की कप्तानी सौंपी गई थी।

सूर्या टी-20 में 4 शतक लगा चुके

सूर्यकुमार ने 113 मैचों में 3272 रन बनाए हैं। उनका औसत 36.35 और स्ट्राइक रेट 162.94 रहा है। सूर्यकुमार के नाम 4 शतक और 25 अर्धशतक दर्ज हैं। उनका बेस्ट स्कोर 117 रन है। सूर्या ने 297 चौके, 179 छक्के और 58 कैच भी लिए हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *