Breaking
Thu. Jun 25th, 2026

खेलने के दौरान बच्चे पर गिरा भारी लोहे का गेट, मौत के मुंह में समाया; CCTV में कैद

  • भारी भरकम गेट के नीचे दबने से बच्चे को संभलने का मौका तक नहीं मिला, चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग और परिजन पहुंचे एवं उसे गेट के नीचे से निकाला गया

नोएडा : उत्तर प्रदेश के नोएडा के गेझा गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 5 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना का वीडियो आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

गेट पर चढ़कर खेल रहा था बच्चा

दरअसल, गेझा गांव निवासी पांच वर्षीय नवदीप शनिवार सुबह करीब 9:20 बजे पड़ोस में लगे लोहे के गेट पर चढ़कर खेल रहा था। इसी दौरान अचानक गेट टूटकर उसके ऊपर गिर गया। भारी गेट के नीचे दबने से मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया।

आवाज सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और गेट के नीचे दबे बच्चे को बाहर निकाला। बच्चे को लेकर अस्पताल दौडे़, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। बेटे की मौत से पिता मनीष और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

विचलित करने वाला सीसीटीवी फुटेज

स्थानीय लोगों का कहना है कि गेट काफी पुराना और कमजोर था। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। हादसे का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जो काफी विचलित करने वाला है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि बच्चा गेट पर झूलने की कोशिश कर रहा था और अगले ही पल गेट उसकी मौत का कारण बन गया।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोग बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर कर रहे हैं। लोगों ने अपील की है कि लोग अपने घरों के बाहर लगे भारी गेट, ग्रिल या छज्जों की मजबूती की समय-समय पर जांच जरूर करें, ताकि  ऐसी किसी अनहोनी को टाला जा सके।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *