- उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बस और ट्रेलर की टक्कर में 4 लोगों की मौत हो गई
मथुरा : उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है। थाना राया इलाके में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 20 से 25 यात्री घायल हो गए। ये दर्दनाक हादसा थाना राया क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 112 से 113 के बीच तड़के सुबह करीब 4 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, गोला बस सर्विस की एक वोल्वो बस एक ट्रेलर में पीछे से जा घुसी।
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वोल्वो बस (नंबर BR 28P 4723) में लगभग 65 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से 25 यात्री घायल हो गए।
बचाव अभियान चलाया गया
हादसे की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), क्षेत्राधिकारी महावन, थाना प्रभारी राया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके अलावा एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल मथुरा भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने बताया कि बस में सवार लगभग 35 सुरक्षित यात्रियों को वाहनों की व्यवस्था कर उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। हादसे में मरने वाले चारों मृतकों की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं तथा उनके परिजनों को सूचना देने की कार्रवाई भी की जा रही है।

हादसे का कारण क्या रहा?
मथुरा में हुई इस दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यातायात को सुचारु बनाए रखा। एक्सप्रेसवे पर आवागमन सामान्य रूप से जारी है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर यह हादसा तेज रफ्तार या चालक की लापरवाही का परिणाम माना जा रहा है। हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे।


