- पश्चिम बंगाल सरकार ने जन शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए हर मंगलवार और गुरुवार सरकारी कार्यालयों में ‘जनता दरबार’ लगाने का निर्देश दिया है
पश्चिम बंगाल : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने लोगों की शिकायतों को सीधे सुनने के लिए ‘आपनार सरकार आपनार पाशे’ (आपकी सरकार आपके साथ) पहल शुरू की थी, जिसके तहत वे खुद हर हफ्ते ‘जनता दरबार’ लगाते हैं और लोगों से आमने-सामने बातचीत करके उनकी समस्याओं और शिकायतों को सुनते हैं। इतना ही नहीं इन शिकायतों के लिए एक ऑनलाइन सिस्टम भी शुरू किया गया है। बता दें अब इस पहल को ओर भी ज्यादा मजबूती मिलने वाली है। अब नबान्न ने राज्य के लोगों के लिए इस प्रोग्राम को और भी आसान बनाने की कोशिशें तेज कर दी हैं। अब से, फील्ड-लेवल के अधिकारियों को भी हफ्ते में दो बार जनता दरबार लगना होगा।
यह ‘जनता दरबार’ हर मंगलवार और गुरुवार को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक संबंधित अधिकारियों के ऑफिस में लगेगा। इस ‘जनता दरबार’ को जल्द से जल्द शुरू करने के निर्देश जारी किए गए हैं। जिला मजिस्ट्रेट, नगर आयुक्त, एसडीओ, बीडीओ, पुलिस अधिकारी और अन्य जमीनी अधिकारियों को जनता दरबार के दौरान उपलब्ध रहने के लिए कहा गया है। इस अवधि के दौरान कोई भी बैठक या आधिकारिक कार्यक्रम निर्धारित नहीं किया जाएगा।
जनता दरबार के लिए अधिकारियों के बैठने का दिन, समय, उनके मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी सरकारी दफ्तरों के बाहर और आधिकारिक वेबसाइट पर साफ-साफ लिखे होंगे। अधिकारी लोगों की शिकायतें सुनने के बाद उन पर क्या कार्रवाई कर रहे हैं, इस बारे में पूरी जानकारी ‘आपनार सरकार आपनार पाशे’ पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज करेंगे। इस पूरे काम पर कार्मिक तथा प्रशासनिक सुधार विभाग नजर रखेगा। प्रशासन का मानना है कि यह प्रणाली उन लोगों के लिए भी काफी उपयोगी साबित होगी जो ऑनलाइन या डिजिटल ऐप चलाने में सहज नहीं हैं। ऐसे लोग अब सीधे सरकारी दफ्तरों में जाकर अधिकारियों से आमने-सामने मिलकर अपनी समस्या बता सकेंगे।
बता दें ‘जनता दरबार’ पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा शुरू की गई सार्वजनिक शिकायतों के निवारण की एक प्रमुख पहल है। पूर्ण प्रशासनिक जवाबदेही के सिद्धांत पर आधारित यह कार्यक्रम राज्य प्रशासन के सर्वोच्च कार्यालय और आम नागरिक के बीच की दूरी को कम करता है और महत्वपूर्ण व लंबे समय से लंबित मुद्दों को हल करने के लिए आमने-सामने बातचीत का मंच प्रदान करता है।

