Breaking
Fri. Feb 13th, 2026

MP-UP में सुबह बारिश, राजस्थान में ओले गिरे:पंजाब समेत 16 राज्यों में घना कोहरा, कई ट्रेनें-फ्लाइट्स लेट

नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार के कुछ शहरों में शनिवार की सुबह बरसात के साथ हुई। राजस्थान के कोटा में ओले गिरे हैं। माउंट आबू में सुबह तापमान 4º सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश समेत देश के 11 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश-ओले की वजह से यहां ठंड बढ़ गई है।

उधर, पंजाब, हरियाणा समेत उत्तर और मध्य भारत के 16 राज्यों में घने कोहरे की स्थिति बनी हुई है। भोपाल, लखनऊ, जम्मू, अजमेर समेत 17 शहरों में शनिवार सुबह विजिबिलिटी 200 मीटर से कम रह गई। इसकी वजह से 125 से ज्यादा ट्रेनें लेट चल रही हैं। वहीं दिल्ली-राजस्थान समेत उत्तर भारत के एयरपोर्ट से उड़ने वाली 50 से ज्यादा फ्लाइट्स डिले हुईं।

सर्दी के बढ़ते असर को देखते हुए उत्तर प्रदेश के स्कूलों की टाइमिंग बदल दी गई है। वहीं, जयपुर के सरकारी और निजी स्कूलों में 8वीं क्लास तक की ठंड की छुट्टियां 13 जनवरी तक बढ़ा दी गई हैं। सीकर में भी 15 जनवरी से स्कूल खुलेंगे।

मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड, कोहरा और बारिश से अगले 6 दिनों तक कोई राहत मिलने के आसार नहीं हैं। छिंदवाड़ा में सुबह चार बजे तेज बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिकों ने 11 जनवरी तक ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान जताया है। हरियाणा के ऊपर वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने से प्रदेश में भी मौसम सर्द रहेगा।

राजस्थान में तीन दिन बारिश-ओले का अलर्ट है। राज्य के 20 से ज्यादा जिलों में इसका प्रभाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 7 जनवरी से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इस सिस्टम के एक्टिव होने से कोहरे से राहत मिलेगी और बर्फीली हवा भी कम हो जाएगी।

पंजाब में शीत लहर का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने बीते दिन ही पंजाब में कोहरे व शीत लहर को लेकर अलर्ट जारी कर दिया था। वहीं, आज अमृतसर व पूर्वी मालवा में घने कोहरे के चलते विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम हो चुकी है। यही हालात जालंधर व आसपास के जिलों का भी है।

हरियाणा के 12 जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है। यहां घने कोहरे के साथ ही शीत लहर की स्थिति बनी रहेगी। इन जिलों में पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद शामिल हैं। वहीं, 4 जिलों में अधिकतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है।

यूपी में कड़ाके की ठंड के बीच बारिश का दौर जारी है। आधी रात को कानपुर में बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, यूपी में 15 जनवरी तक बारिश होगी। आंधी के साथ ओले भी गिरेंगे। वहीं 9 से 11 जनवरी तक भारी बारिश का अलर्ट जारी है।

बिहार के कई जिलों में शुक्रवार रात हुई बारिश के बाद ठंड बढ़ गई है। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। पटना समेत कई शहरों में सुबह से बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने शनिवार को पटना, गया, जहानाबाद, नालंदा समेत 14 जिलों में बारिश का अलर्ट है। कई जगहों पर आकाशीय बिजली की भी संभावना है।

आगे कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, समेत देश के 16 राज्यों में रविवार (7 जनवरी) को भी घना कोहरा देखने को मिलेगा। इन राज्यों के कई इलाकों में विजिबिलिटी घटकर 200 मीटर रह सकती है।
अरब सागर के ऊपर लो प्रेशर बनने से केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में अगले 2-3 दिन बारिश होने की संभावना है। वहीं, MP-झारखंड, ओडिशा और महाराष्ट्र समेत 8 राज्यों में रविवार को हल्की बारिश की संभावना है।
प्राइवेट वेदर एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक अगले 24 घंटों में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और मध्य प्रदेश में कई स्थानों पर सीवियर कोल्ड की स्थिति बन सकती है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *