Breaking
Fri. Feb 13th, 2026

MI vs CSK: Rohit Sharma का यह वीडियो देखकर दिल भर जाएगा; सिर झुकाए, सीधे पवेलियन लौटे शतकवीर ‘हिटमैन’

दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : क्रिकेट फैंस ने अपने चहेते क्रिकेटर रोहित शर्मा का यह वीडियो देखा तो उनका दिल भर आया। मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्‍तान रोहित शर्मा रविवार को चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स के खिलाफ शतक जमाने के बाद निराश होकर पवेलियन लौट गए। रोहित शर्मा के चेहरे पर टीम को जीत नहीं दिलाने का मलाल स्‍पष्‍ट नजर आ रहा था।

मुंबई इंडियंस की पारी खत्‍म होने के बाद का एक वीडियो जमकर वायरल हुआ, जिसमें दिखा कि रोह‍ित शर्मा अपना सिर झुकाए पवेलियन की तरफ लौट गए। उन्‍होंने किसी से भी हाथ नहीं मिलाया। बता दें कि वानखेड़े स्‍टेडियम पर रोहित शर्मा ने सीएसके के लिए 63 गेंदों में 11 चौके और पांच छक्‍के की मदद से नाबाद 105 रन बनाए।

बता दें कि चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स ने आईपीएल 2024 के 29वें मैच में पहले बल्‍लेबाजी करके निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 206 रन बनाए। जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 186 रन बना सकी। मुंबई इंडियंस ने लगातार दो मैच जीते थे, लेकिन सीसएके के सामने वो फिर से बेपटरी हो गई।

मुंबई इंडियंस की यह छह मैचों में चौथी शिकस्‍त रही। हार्दिक पांड्या के नेतृत्‍व वाली मुंबई इंडियंस आईपीएल 2024 की प्‍वाइंट्स टेबल में आठवें स्‍थान पर है। वहीं चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स की टीम छह मैचों में चार जीत के साथ प्‍वाइंट्स टेबल में तीसरे स्‍थान पर काबिज है। मैच का नतीजा भले ही मुंबई इंडियंस के पक्ष में नहीं आया हो, लेकिन रोहित शर्मा ने कई रिकॉर्ड्स बनाए।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *