Breaking
Thu. Feb 19th, 2026

उत्तर भारत में भीषण हीटवेव का अलर्ट, जानिए मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में कब बरसेंगे बादल

A man splashes water on his face on a hot summer day amid heatwave, in Gurugram | PTI

नई दिल्ली : देश का उत्तरी इलाका जहां भीषण हीटवेव से झुलस रहा है, वहीं उप-हिमालयी इलाके और उत्तर पूर्व के कुछ राज्य जबरदस्त बारिश का सामना कर रहे हैं। इस साल निर्धारित समय से तीन दिन पहले ही मानसून ने केरल में दस्तक दे दी थी, लेकिन फिलहाल मानसून ठिठक गया है और आगे नहीं बढ़ रहा है। अब मौसम विभाग ने कहा है कि इस महीने के अंत तक मानसून की चाल धीमी ही रहेगी, लेकिन अगले महीने की शुरुआत में यह रफ्तार पकड़ लेगा।

मौसम विभाग ने 18 जून से 19 जून तक उत्तर भारत के राज्यों जैसे उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में हीट वेव का रेड अलर्ट जारी किया है। साथ ही हिमाचल प्रदेश और बिहार में भी भीषण गर्मी पड़ेगी। 18 जून को जम्मू कश्मीर, उत्तर मध्य प्रदेश में और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों और उत्तरी राजस्थान में 18-19 जून तक हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया गया है। ओडिशा, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल में भी गर्मी और उमस का अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार को उत्तर भारत के अधिकतर इलाकों में अधिकतम तापमान 44-46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से 5-8 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।

इन राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी

पश्चिमी विक्षोभ के असर से आज से अगले दो दिनों तक जम्मू कश्मीर, लद्दाख, गिलगित बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और त्रिपुरा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी गरज के साथ हल्की से मध्य बारिश की संभावना है। इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी। झारखंड, बिहार और ओडिशा में भी कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 20-21 जून को ओडिशा में भारी बारिश की आशंका है।

मानसून अपडेट

मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण पश्चिम मानसून अगले चार दिनों में महराष्ट्र, तटीय आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और उत्तर पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों तक पहुंच सकता है। साथ ही मानसून के गंगीय बंगाल, बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्रों और बिहार के कुछ हिस्सों तक पहुंचने की उम्मीद है। 19 जून से मुंबई और इसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है। अगले महीने की शुरुआत में मानसून के दिल्ली और उत्तर भारत के इलाकों में पहुंचने की उम्मीद है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *