- दूल्हे ने ही कराई थी पहली मुलाकात
प्रयागराज : प्रयागराज में सुहागरात पर दूल्हे को काट डालने की धमकी देने वाली दुल्हन की कहानी में नया मोड़ आ गया है। सितारा के जिस बॉयफ्रेंड अमन को विलेन माना जा रहा था, वो उसके पति कप्तान का ही दोस्त निकला। दोनों ने एक साथ प्रयागराज से ITI की पढ़ाई की। रिश्ते में अमन कप्तान की मौसी का लड़का भी है।
कप्तान ने ही सबसे पहले सितारा को अमन से मिलवाया था। फिर धीरे-धीरे सितारा और अमन के बीच बातचीत शुरू हुई, जोकि प्यार में बदल गई। मगर 30 अप्रैल, 2025 को सुहागरात पर कप्तान को सितारा और अमन के लव अफेयर का पता चल गया।
इसके बाद घर के हालात ऐसे बदले कि सितारा को 30 अप्रैल की आधी रात को ससुराल की दीवार फांदकर भागना पड़ा। अब सितारा और अमन घर से भागे हुए हैं। आखिरी बार उन्हें 21 जून की रात को मेजा की मेन रोड पर देखा गया था।

29 अप्रैल, 2025 को कप्तान और सितारा की शादी धूमधाम से हुई थी।
कप्तान ने अमन के जरिए सितारा को मिलने बुलाया
सितारा की स्टोरी में 3 किरदार सामने आए हैं। कप्तान ने प्रयागराज से ITI किया। यहां उसके साथ मौसी का लड़का सुभाष और अमन भी पढ़ते थे। तीनों मौसेरे भाई थे, मगर दोस्तों की तरह रहते थे।
फरवरी, 2024 में करछना के डीहा में रहने वाले लक्ष्मी नारायण निषाद ने अपनी बेटी सितारा की शादी एडीए कॉलोनी के राम आसरे निषाद के बेटे कप्तान निषाद से तय की। 2 महीने बाद सितारा और कप्तान की मोबाइल पर बातचीत शुरू हुई। इस वक्त तक सितारा का अमन से कोई कनेक्शन नहीं था।
एक दिन कप्तान ने सितारा से कहा कि हमारी शादी होने वाली है, हमें मिलना भी चाहिए। सितारा तैयार हो गई, तो कप्तान ने अपनी मौसी के लड़के अमन से बात की। 3 मई, 2024 को कप्तान के कहने पर अमन करछना के डीहा बाइक पर गया और सितारा को लेकर नैनी के एक रेस्टोरेंट आया। सितारा को छोड़कर अमन वापस चला गया, जबकि कप्तान और सितारा ने एक साथ लंच किया।
ये अमन और सितारा की पहली मुलाकात थी। मगर इसके 2 महीने बाद तक सितारा से उसकी कोई मुलाकात नहीं हुई। फिर इसके बाद कप्तान अमन के जरिए अक्सर सितारा को बुलाने लगा। करछना में सितारा के परिवार वाले कप्तान को पहचानने लगे थे, इसलिए वो खुद कभी सितारा को लेने नहीं जाता था।
इसी दौरान अमन और सितारा को एक दूसरे का नेचर समझ आने लगा। दोनों अब मोबाइल पर आपस में बातचीत करने लगे। सितारा और अमन घंटों एक-दूसरे से बात करने लगे। दोनों का यह रिश्ता कप्तान से छिपा हुआ था। इस बीच कप्तान और सितारा के परिवार ने दोनों की सगाई 15 दिसंबर, 2024 को कर दी।

सितारा की हल्दी रस्म के दौरान की यह तस्वीर है। इसमें वह काफी खुश नजर आ रही है।
सगाई के दिन अमन बहुत रोया, फिर दोनों छिप-छिपकर मिलने लगे
सगाई के दिन अमन बहुत रोया था। सितारा और अमन ने मिलकर तय किया कि अब वो दोनों शादी होने के बाद भी अफेयर में रहेंगे। चूंकि अमन कप्तान की मौसी का ही लड़का था, इसलिए उसके घर आने-जाने पर कोई पाबंदी भी नहीं थी। इस तरह अमन ने सितारा को समझाकर शांत कराया।
अब दोनों छिप-छिपकर मिलने लगे। सितारा कप्तान को यह कहकर गुमराह करने लगी कि हमारी सगाई हो चुकी है, अब परिवार को हमारा शादी से पहले मिलना पसंद नहीं आएगा। इसके बाद 29 अप्रैल, 2025 को कप्तान और सितारा की शादी धूमधाम से हुई।
30 अप्रैल को विदाई हुई और दुल्हन घर आ गई। कप्तान के मुताबिक, सुहागरात पर सितारा घूंघट के अंदर चाकू लेकर बैठी थी। उसने कप्तान को धमकी दी- अगर मुझे टच भी किया, तो 35 टुकड़ों में मिलोगे। मैं अमन की अमानत हूं…। इस धमकी के बाद कप्तान सहम गया। क्योंकि तब तक उसको सितारा के लव अफेयर के बारे में नहीं मालूम था।
कप्तान के मुताबिक, सितारा ने चाकू दिखाकर उसको अगली 3 रातों तक अपने करीब नहीं आने दिया। दहशत और बेइज्जती के साए में पति बंद कमरे में घुटता रहा। दुल्हन के ड्रामा के बारे में 3 मई को कप्तान ने अपनी मां को बताया। घर में हंगामा शुरू हुआ, तो दुल्हन ने साफ-साफ कह दिया- मेरा लव अफेयर है, मुझे मेरे बॉयफ्रेंड अमन के पास भेज दो।

कप्तान के घर में झगड़ा होने के बाद सितारा ने अपनी और अमन की चैट सबको दिखा दी है।
25 मई को दोनों परिवार साथ बैठे, तय हुआ सितारा कप्तान के साथ रहेगी
इसके बाद कप्तान के पिता राम आसरे ने अपने समधी को फोन किया। उनको बुलाया। 25 मई को दोनों परिवारों के लोग एक साथ बैठे। उन्होंने अपनी बेटी सितारा को समझाया, मगर कोई फायदा नहीं हुआ। फिर एक राजीनामा ही हुआ। जिसमें लिखा गया कि सितारा कहीं नहीं जाएगी, वो कप्तान की बहू बनकर उसके घर में ही रहेगी। अपने बॉयफ्रेंड को भूल जाएगी।
मगर यह सब सिर्फ 30 मई तक चला। उस रात अचानक सितारा आधी रात को घर की दीवार को फांदकर भाग गई। एक CCTV मिला है, जिसमें वह लंगड़ाते हुए जाती दिखी है। परिवार को बाद में पता चला कि सितारा भागकर झूंसी में अपनी मौसी के घर चली गई, यही पर 12 दिन तक छिपी रही। अपने परिवार को भी यह नहीं पता चलने दिया कि वो कहां है? फिर वह करछना में अपने परिवार के पास पहुंची।

30 मई की रात को सितारा घर की दीवार को फांदकर भाग गई थी।
अमन की मां ने कहा- वो गुजरात में, यहां आया ही नहीं
इधर, अमन की मां प्रेमा देवी का कहना है- हम सितारा नाम की लड़की को नहीं जानते। अमन 2 महीने से गुजरात में है, वो वहां टैक्सटाइल फैक्ट्री में काम करता है। हमारे बेटे पर लगे आरोप गलत हैं, उसका कोई लव अफेयर नहीं है। ये लोग मिलकर उसको फंसाना चाहते हैं।
इधर 3 दिन से ‘लापता’ कप्तान निषाद गुरुवार को अपने घर लौट आया। उसने बताया कि वो परेशान था, इसलिए मोबाइल स्विच ऑफ रखा था। वह नासिक चला गया था। इसके बाद गुरुवार शाम को कप्तान अपने पिता के साथ नैनी थाने में पहुंचा और पुलिस को अपने साथ हुई पूरी आपबीती सुनाई।
दुल्हन के पिता बोले- नहीं पता था कि लड़का ऐसा निकलेगा
पिता लक्ष्मी नारायण निषाद ने बताया- हम गांव के सीधे साधे खेत खलिहान में काम करने वाले लोग हैं। बेटी के लिए लड़का उसकी गांव की एक दूर की रिश्तेदार से तय कराया। उस समय तो देख सुन कर रिश्ता मान लिया गया। क्या मालूम था कि लड़का इस तरह का निकल जाएगा। शादी सब कुछ तय होने के 14 महीने के बाद हुई। इस बीच लड़का हमारी बेटी से खूब फोन पर बात करता, मिलने को बुलाता था। हमने शादी मान ली थी इसलिए बच्चों के बीच रोक-टोक नहीं की। हमें लगा कि बच्चे इस-दूसरे को पहले से समझ लेंगे, तो उनका शादीशुदा जीवन अच्छा रहेगा।
अमन की मां ने कहा- सितारा को खाेजते हुए संतोष 4 जून को आया
दोनों परिवार के बीच तीसरी कड़ी अमन की मां प्रेमा के मुताबिक- उनका बेटा अपने परिवार का सहारा बनने के लिए नैनी पढ़ाई करने गया था। वह अपनी मौसी के लड़के संतोष के पास रहता था। ये सब किया धरा संतोष का है। जिसने उसकी बेटे को फसवा दिया। वह किसी सितारा को नहीं जानती। बेटे के साथ सितारा का नाम जुड़ने की बात उन्हें पहली बात 4 जून को पता चली जब लड़की अपनी ससुराल से भाग गई और सितारा को खोजते संतोष हमारे घर सुबह 6 बजे आया था।

