Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

विधायक ने डांसर को पहनाई माला, विपक्ष ने बनाया मुद्दा:इंद्रा देवी बोलीं- सिर्फ पति ही पहना सकता है महिला को माला

मेड़ता : मेड़ता विधायक लक्ष्मणराम कलरू का इन दिनों डांस करते हुए एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो पर मेड़ता की पूर्व विधायक इंदिरा बावरी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि इस वीडियो में विधायक कलरू एक महिला को माला पहना रहे हैं। यह उनके संस्कार और दल के निर्देशों का दर्शा रहा है।

जवाब में मेड़ता विधायक कलरू ने बताया- वीडियो मार्च 2025 में चारभुजा मित्र मंडली के होली कार्यक्रम का है, जिसमें मेरे साथ कोई महिला नहीं बल्कि एक पुरुष डांसर है, जो देश-विदेश में पुरुष व महिला के स्वांग में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करता है। मेड़ता के नागरिकों से मुझे भाई-बहन के रूप में भावनात्मक लगाव है। परिवार के बीच नृत्य और हंसी-ठिठोली करना, मेरा शहरवासियों से आत्मीय जुड़ाव दर्शाता है।

बता दें, पिछले कई दिनों से मेड़ता विधायक लक्ष्मणराम कलरू का एक डांस वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मेड़ता की पूर्व विधायक इंदिरा बावरी ने इस वीडियो को पोस्ट कर ट्वीट किया तो यह एक राजनीतिक मुद्दा बन गया और क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।

पूर्व विधायक का वीडियो पर ट्वीट

मेड़ता विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक का सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो विधायक जी के संस्कारों और उनके दल के निर्देशों को दर्शाता है। सार्वजनिक कार्यक्रम में एक डांसर के साथ डांस कर रहे यह विधायक महोदय, डांस करने वाली महिला के गले में माला भी डाल रहे हैं, जबकि हमारे संस्कारों में किसी महिला के गले में माला केवल जीवनसाथी ही डालते हैं। महिला सशक्तिकरण पर लंबे-चौड़े भाषण देने वाली भारतीय जनता पार्टी @BJP4Rajasthan के प्रदेश अध्यक्ष @madan और मुख्यमंत्री @BhajanlalBjp जी, आप इस मामले में क्या कहेंगे?

मेड़ता विधायक लक्ष्मणराम मेघवाल के इस वायरल वीडियो पर जनता को जवाब मांगना चाहिए –

विधायक बोले- वो पुरुष कलाकार हैं

भाजपा विधायक लक्ष्मणराम कलरू ने कहा- सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो मेरे संज्ञान में आया है, जो मेड़ता सिटी स्थित चारभुजा चौक में चारभुजा मित्र मंडली द्वारा हर साल आयोजित होली महोत्सव का मार्च 2025 का वीडियो है। वीडियो में मेरे साथ पारंपरिक नृत्य कर रहा व्यक्ति सोजत निवासी विकास कुमार है, जो पेशे से नृत्य कलाकार हैं और देश-विदेश में पुरुष-स्त्री के वेश में अनेकों कार्यक्रम प्रस्तुत कर चुके हैं।

उन्होंने कहा मेड़ता क्षेत्र को मैं अपना परिवार मानता हूं। यहां के नागरिकों से मेरा भाई-बहन के रूप में भावनात्मक लगाव है। परिवार के बीच नृत्य और हंसी-ठिठोली करना मेरा शहरवासियों से आत्मीय जुड़ाव है। यहां की पूर्व विधायक ने जिस तरह से सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जवाब मांगा है, मैंने अपना पक्ष रख दिया है। यदि किसी सार्वजनिक मंच या प्लेटफॉर्म पर भी इस प्रकार के ओछे विचारों के साथ महोदया स्पष्टीकरण चाहती हैं, तो मैं और भी जवाब देने के लिए तैयार हूं…।

आयोजकों ने भी बताई वीडियो की हकीकत

यह वीडियो सीसीएम ग्रुप मेड़ता द्वारा चारभुजा चौक में इसी साल 12 मार्च को होली पर आयोजित कार्यक्रम का है। सीसीएम ग्रुप के सदस्य राजीव पुरोहित ने बताया- वीडियो में डांस कर रहा व्यक्ति एक पुरुष कलाकार है, जिसने महिला का स्वांग रचकर सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किया था। हमने विधायक लक्ष्मणराम कलरू को गेस्ट के तौर पर आमंत्रित किया था। सीसीएम ग्रुप के सदस्यों कहने पर विधायक ने पुरुष कलाकार के साथ एक से डेढ़ मिनट तक होली कार्यक्रम में हंसी-ठिठोली की थी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *