पटना : भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधाओं के लिए सभी प्लेटफॉर्म्स पर एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। इन टीवी स्क्रीन पर रेलगाड़ियों के बारे में जानकारी दी जाती है। लेकिन बिहार की राजधानी पटना के रेलवे स्टेशन पटना जंक्शन पर लगी टीवी स्क्रीन पर कुछ ऐसा हुआ जिसको देखकर सभी यात्रियों की नजरें शर्म से झुक गई। यहां स्टेशन पर लगी स्क्रीन पर अचानक एक अडल्ट पॉर्न वीडियो चलने लगा। यात्रियों ने रेलवे को इसकी शिकायत की, तब जाकर इसको रोका गया। रिपोर्ट्स के अनुसार इस शर्मिंदगी वाली घटना को लेकर विज्ञापन एजेंसी पर आरपीएफ पोस्ट में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
तीन मिनट तक चला पॉर्न वीडियो
दरअसल, पटना रेलवे स्टेशन पर रविवार को ट्रेनों का इंतजार कर रहे सैकड़ों यात्रियों को उस समय अजीब स्थिति का सामना करना पड़ा जब तीन मिनट तक सभी टीवी स्क्रीन पर पॉर्न वीडियो चलने लगा। वीडियो और फिल्मों के प्रसारण का ठेका एक निजी कंपनी को दिया गया है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारियों ने तुरंत उनसे संपर्क किया और प्रसारण बंद करवाया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
कॉन्ट्रैक्ट खत्म, विज्ञापन एजेंसी ब्लैकलिस्ट
घटना की पुष्टि करते हुए दानापुर स्थित डीआरएम कार्यालय के आधिकारिक प्रवक्ता प्रभात कुमार ने कहा, हमने घटना की जांच शुरू कर दी है और ठेका रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। हमने कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

