कानपुर : कानपुर में एक 25 साल की महिला की हत्या करके लाश बेड के नीचे छिपाकर बॉयफ्रेंड फरार हो गया। पड़ोसियों ने बॉयफ्रेंड को 5 दिन पहले घर के बाहर देखा था। शनिवार सुबह करीब 8.30 बजे घर के दरवाजे के नीचे एक लिक्विड बहता देखा। जो लाल और भूरे रंग का था, खून बहने के अंदेशे पर पुलिस बुलाई गई।
पुलिस जब दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई, तब पता चला कि ये लिक्विड बेड के नीचे से बह रहा था। वहां बदबू थी, कपड़ों का ढेर था। कपड़े हटाए गए तो नीचे एक लाश मिली। जो एक महिला की थी। लाश सड़ (डिकम्पोज) चुकी थी। पुलिस ने घर की तलाशी ली, यहां 2 आधार कार्ड मिले।
उससे पता चला कि महिला भारती गौतम थी। दूसरा आधार कार्ड वाहिद नाम के शख्स का था। पड़ोसियों से पूछने पर पता चला कि ये लड़का दिलीप बनकर यहां रहता था। पड़ोसियों के बयानों से सामने आया कि दोनों लिवइन में यहां रहते थे।
जांच के लिए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुला लिया। पुलिस फिलहाल इस मामले को लिवइन में रहते हुए हत्या किए जाने का मान रही है। दिलीप उर्फ वाहिद की तलाश की जा रही है। ये मामला रायपुरवा थाना क्षेत्र में शक्कर मिल का है।

पड़ोसियों को घर के बाहर खून बहता दिखा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
1.5 किमी दूर रहता है भारती का परिवार
इस घर के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ में भारती गौतम के परिवार की जानकारी मिली। उनका परिवार 1.5 किमी दूर पी रोड पर रहता है। मां आशा देवी की 5 बेटियां निशा, ऊषा, नीतू, ममता और भारती गौतम थीं। पुलिस ने परिवार को सूचना भेजी। जिसके 3 घंटे बाद उनका भतीजा सोनू मौके पर आया है। सामने आया कि भारती 8 साल से लिव इन में थी। उसकी मां आशा देवी की करीब 7 महीने पहले मौत हो गई थी।
पड़ोसी बोले- 5 दिन पहले दिलीप से पूछा, तो बोला कि पत्नी सो रही
पड़ोसी विकास कुमार ने बताया- 5 दिन दिन पहले मैंने दिलीप को घर के बाहर देखा। वो अकेला था, कहीं जा रहा था। मैंने पूछा- भारती कहां हैं? दिलीप ने कहा कि वो सो रही है। उसके बाद इस घर के बाहर किसी को नहीं देखा।
उन्होंने कहा- 1 नवंबर की सुबह 8.30 बजे घर से तेज बदबू आने लगी और हम लोगों ने कमरे से खून बहता देखा। इसके बाद हमने यह बात हमारे एरिया के पार्षद विकास साहू को फोन करके बताई। लगा कि ऐसा तो नहीं कि सीवरेज वगैरह की दिक्कत हो। मगर उनके आने के बाद समझ आया कि ये पुलिस का मामला है।
फिर पुलिस आई और घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी। तब लाश मिल सकी। हम लोग डरे हुए है। दिलीप व्यवहार में सही व्यक्ति था, ऐसा कर देगा, ये कभी लगा नहीं।
पार्षद बोले- लाश को छिपाया गया, ताकि भागने का ज्यादा वक्त मिले
इस मामले पर पार्षद विकास साहू ने बताया- घर के अंदर महिला का शव बेड के नीचे पड़ा मिला, जबकि बेड के नीचे कपड़ों से ढककर लाश को छिपाया गया था। दिलीप नहीं चाहता होगा कि किसी को हत्या के बारे में पता चले। जितना लेट पता चलेगा, उतना उसको भागने का वक्त मिलेगा। अब पुलिस इस मामले की दिलीप को ढूंढ रहे हैं। लोग बता रहे है कि वो वाहिद है।
भारती गौतम के भतीजे सोनू ने बताया- मकान पिछले 5 दिनों से बंद था। युवती ने करीब 8 साल पहले एक मुस्लिम युवक से शादी की थी, जो खुद को रोहित बताता था। फिलहाल वह भी लापता है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी पर ACP मंजय सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा-

शव करीब 4 दिन पुराना लग रहा है। बॉडी डिकम्पोज हो रही है, हत्या क्यों की गई। ये दिलीप के पकड़े जाने के बाद पता चल सकेगा। टीमें गठित कर दी गई हैं।

