- दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना में नए ऋण पर रोक की मांग, SDM महावन की तरफ से कोई ध्यान नहीं
दैनिक उजाला, बलदेव : नगर पंचायत बलदेव में कार्यरत सफाईकर्मियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। कर्मचारियों के वेतन, पेंशन और अन्य देयों के भुगतान पर गहरा संकट खड़ा हो गया है। उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन प्रेषित कर पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के अंतर्गत किसी भी नए ऋण की अनुमति न दिए जाने की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि यदि स्थिति में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो सभी सफाईकर्मी एक सप्ताह के भीतर हड़ताल पर जाने को विवश होंगे।
7 करोड़ के ऋण से बिगड़ी आर्थिक स्थिति
संघ पदाधिकारियों रामचंद्र, अशोक कुमार, पूरन चंद, बबलू, महेंद्र, सतीश चंद्र आदि ने बताया कि नगर पंचायत द्वारा विगत वर्षों में पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के अंतर्गत लगभग 7 करोड़ रुपये का ऋण लिया जा चुका है।
इस ऋण के कारण कर्मचारियों को बीते लगभग तीन वर्षों से समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा, जबकि सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन व पारिवारिक पेंशन भी करीब एक वर्ष से लंबित है। एरियर, बोनस और अन्य वैधानिक भुगतानों का भुगतान भी अधर में लटका हुआ है।
नए ऋण की तैयारी से बढ़ी चिंता
कर्मचारियों का आरोप है कि वर्तमान में पुनः उसी योजना के अंतर्गत डीपीआर तैयार कर नया ऋण लेने की तैयारी की जा रही है। यदि नया ऋण लिया गया तो वेतन और पेंशन की स्थिति और अधिक भयावह हो जाएगी।
संघ ने स्पष्ट किया कि यदि मजबूरन हड़ताल होती है तो इसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी नगर पंचायत अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी की होगी।
SDM महावन के औचक निरीक्षण न करने पर सवाल
सफाईकर्मियों और सभासदों ने SDM महावन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। आरोप है कि SDM महावन द्वारा आज तक नगर पंचायत बलदेव का कोई औचक निरीक्षण नहीं किया गया, जिससे कर्मचारियों की समस्याएं जमीनी स्तर पर सामने ही नहीं आ पा रहीं। यदि समय-समय पर निरीक्षण होता तो हालात इस कदर नहीं बिगड़ते।
सभासद का समर्थन, योजना को बताया अन्यायपूर्ण
सभासद सौरभ पांडेय ने कहा कि सफाई कर्मचारियों के साथ हो रहा अन्याय किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह योजना पूरी तरह से गलत और कर्मचारियों के हितों के विरुद्ध है, और वे सफाईकर्मियों के साथ मजबूती से खड़े हैं।
इस संबंध में अधिशासी अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जा रहा है तथा चेयरमैन और सभासदों को भी स्थिति से अवगत करा दिया गया है।

