भिवाड़ी : राजस्थान के भिवाड़ी की केमिकल फैक्ट्री में अचानक तेज धमाका हुआ। इसमें 8 मजदूर जिंदा जल गए, जबकि 4 गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें दिल्ली एम्स रेफर किया गया है। तीन मृतकों की पहचान बिहार के मोतिहारी जिले के मिंटू, नितेश और सुजान के रूप में हुई है।
इस फैक्ट्री में अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे। मौके से बारूद, पटाखे और पैकिंग के डिब्बे मिले हैं।
हादसा खुशखेड़ा कारौली इंडस्ट्रियल एरिया में सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ। फैक्ट्री मैनेजर अभिनंदन को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
घटना के समय करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे। शव बुरी तरह जल गए थे। कई शवों के कंकाल भर बचे थे। बॉडी पाट्र्स के टुकड़े बिखरे मिले। रेस्क्यू टीम ने इन टुकड़ों को पॉलीथीन में इकट्ठा किया।
कलेक्टर अर्तिका शुक्ला ने कहा- देखकर लग रहा है कि छोटा एक्सप्लोसिव मटेरियल था। गैस रिसाव नहीं था।
एडीएम सुमिता मिश्रा के अनुसार, फैक्ट्री मालिक का नाम राजेंद्र है। उन्होंने किसी तिवारी को यह फैक्ट्री लीज पर दी थी। दोनों से संपर्क नहीं हो पाया है।

भिवाड़ी स्थित खुशखेड़ा कारौली इंडस्ट्रियल एरिया में सोमवार सुबह केमिकल फैक्ट्री में 8 मजदूर जिंदा जल गए, जबकि 4 गंभीर रूप से झुलस गए।

राजस्थान के भिवाड़ी की केमिकल फैक्ट्री में जले मजदूरों के कंकाल पड़े थे।

केमिकल फैक्ट्री में जले हुए शवों को स्ट्रेचर की मदद से बाहर लाया गया। मजदूरों के कई अंग पूरी तरह जल चुके थे।

केमिकल फैक्ट्री में जले शवों को कंबल से ढक कर रखा गया है। इनकी पहचान नहीं हो पा रही है।

मजदूरों के शव बुरी तरह से जल गए थे। इधर-उधर बिखरे बॉडी पाट्र्स को पॉलीथीन में इकट्ठा किया गया।

रेस्क्यू टीम को केमिकल फैक्ट्री के अंदर से पटाखे और बारूद मिला है। कहा जा रहा है कि यहां अवैध तरीके से पटाखे बनाए जा रहे थे।

मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 5 मजदूर मोतिहारी (बिहार) के रहने वाले थे, जिनके परिवार वाले यहीं उनके साथ किराए के मकानों में रह रहे थे।
सभी फैक्ट्रियों की जांच होगी
खैरथल-तिजारा जिला कलेक्टर अर्तिका शुक्ला ने 7 दिन में सभी फैक्ट्रियों और औद्योगिक इकाइयों की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा- जांच में यह देखा जाएगा कि औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा के नियम सही तरह से लागू हो रहे हैं या नहीं।
इस दौरान वहां चल रही गतिविधियों, आग से बचाव के इंतजाम, जरूरी सरकारी अनुमति और मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को बारीकी से देखा जाएगा।
फैक्ट्री मैनेजर को पुलिस ने थाने बुलाकर हिरासत में लिया
पुलिस सुबह से फैक्ट्री मालिक और मैनेजर से संपर्क करने की कोशिश कर रही थी। काफी कोशिश के बाद फैक्ट्री के मैनेजर अभिनंदन से फोन पर बात हो पाई। अब पुलिस ने उसे थाने बुलाने के बाद हिरासत में ले लिया है। पुलिस फैक्ट्री मैनेजर से पूछताछ कर रही है।
मंत्री बोले-गैरकानूनी तरीके से बनाए जा रहे थे पटाखे
मंत्री संजय शर्मा ने कहा-यह गारमेंट जोन है, यहां दूसरा व्यवसाय नहीं हो सकता, लेकिन गैरकानूनी तरीके से पटाखे बनाने का काम गेट पर ताले लगाकर किया जा रहा था। मृतकों की पहचान डीएनए से कराई जा रही है। अधिकतर मजदूर बिहार के बताए जा रहे हैं। खैरथल-तिजारा जिला कलेक्टर बिहार के मोतिहारी जिले के कलेक्टर से लगातार संपर्क में हैं। राज्य सरकार ने एक कमेटी गठित की है। जिला प्रशासन, खासकर रीको को निर्देशित किया गया है। पूरे भिवाड़ी और खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया जाएगा। फैक्ट्री जिस काम के लिए रजिस्टर्ड है, उसके अलावा कोई अन्य काम होता पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी।

