Breaking
Fri. Mar 13th, 2026

कानपुर में महिला बोली- मन कर रहा खुदकुशी कर लूं:8 दिन से सिलेंडर नहीं मिला; बारांबकी में लात-घूसे चले, लखनऊ में लंबी लाइनें

उत्तर प्रदेश : यूपी में रसोई गैस सिलेंडर का संकट कम नहीं हो रहा है। लगातार चौथे दिन लोग परेशान हैं। बुकिंग के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहे। एजेंसियों के बाहर लाइनें लगी हुई हैं। पुलिस की मौजूदगी में सिलेंडर बांटे जा रहे हैं।

इसी बीच, बाराबंकी में सिलेंडर के लिए जमकर लात-घूसे चले। हुआ यूं कि गैस एजेंसी पर लाइन लगी थी। तभी सिलेंडर से भरी गाड़ी पहुंची और लाइन के बीच में एक युवक घुसने लगा। दूसरे युवक ने रोकने की कोशिश की तो मारपीट हो गई।

गाजियाबाद में सिलेंडर के लिए लोगों ने हंगामा किया। जैसे ही एजेंसी पर ट्रक पहुंचा, लोग सिलेंडर लेने के लिए टूट पड़े। किसी तरह पुलिस ने हालात को संभाला। महराजगंज में बुकिंग न होने पर लोगों ने सड़क जाम कर दी। पुलिस ने समझाकर जाम खुलवाया।

कानपुर में सिलेंडर के लिए 8 दिनों से एजेंसी पर लगातार आ रही महिला ने कहा कि मन कर रहा खुदकुशी कर लूं। शाहजहांपुर में 10 रुपए में भरपेट भोजन की सुविधा देने वाली ‘परी आपकी रसोई’ को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार में एक एजेंसी पर 400 मीटर लंबी लाइन देखने को मिली। गैस किल्लत के चलते बाजारों में इंडक्शन कुकटॉप/चूल्हों की मांग भी बढ़ गई है। रेस्टोरेंट और होटलों पर भी दिखने लगा है। खाने-पीने की चीजों की रेट बढ़ने लगे हैं। आगरा में 20 रुपए वाली चाय 25 रुपए में मिल रही है।

प्रदेश के कई जिलों में गैस की कालाबाजारी भी शुरू हो गई है। लोग दोगुनी कीमत देकर सिलेंडर खरीदने को मजबूर हैं। हालांकि, गैस कंपनियां किसी भी तरह की किल्लत से इनकार कर रहीं। उधर, सीएम योगी ने गैस और तेल की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा- अफसर 24 घंटे मॉनिटरिंग करें।

गैस की किल्लत को देखते हुए केंद्र ने यूपी सरकार को 80 लाख लीटर केरोसिन तेल दिया था। प्रदेश में कुल 4.26 करोड़ घरेलू एलपीजी कनेक्शन हैं। इनमें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 1.87 करोड़ कनेक्शन शामिल हैं। यूपी में रोजाना औसतन 5 से 6 लाख सिलेंडरों की खपत है।

लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार में गैस एजेंसी के बाहर 400 मीटर लंबी लाइन लग गई।

लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार में गैस एजेंसी के बाहर 400 मीटर लंबी लाइन लग गई।

बाराबंकी में गैस सिलेंडर लेने पहुंचे दो पक्षों में जमकर लात-घूसे चले।

बाराबंकी में गैस सिलेंडर लेने पहुंचे दो पक्षों में जमकर लात-घूसे चले।

लखनऊ में लालबाग की एजेंसी के सामने लोग सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगे रहे।

लखनऊ में लालबाग की एजेंसी के सामने लोग सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगे रहे।

अयोध्या में गैस के लिए मारामारी, तड़के से ही लाइन में लगे लोग

अयोध्या शहर में शशी गैस एजेंसी, साकेत गैस एजेंसी, भारत गैस एजेंसी सहित अधिकतर एजेंसियों पर सुबह से ही लोगों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। सिलेंडर लेकर लोग तड़के पहुंच जा रहे। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस लेने के लिए उन्हें घंटों तक लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा। लोगों ने आरोप लगाया कि पर्ची कटने के बाद भी उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। एजेंसियों के बाहर बड़ी संख्या में महिलाएं और बुजुर्ग भी लाइन में खड़े नजर आए।

शाहजहांपुर में 10 रुपए में भरपेट भोजन बंद

शाहजहांपुर में गरीबों और जरूरतमंदों को 10 रुपए में भरपेट भोजन उपलब्ध कराने वाली ‘परी आपकी रसोई’ को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। संचालक अंकुर कटियार का कहना है कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति रुकने के कारण यह फैसला लेना पड़ा।

प्रयागराज में खाली सिलेंडर लेकर सुबह 4 बजे से लोग लाइन में लगे

प्रयागराज के गोविंदपुर में रसोई गैस सिलेंडर के लिए सुबह 4 बजे से लोग लाइन में खड़े हैं। एक उपभोक्ता ने बताया कि एक सप्ताह पहले सिलेंडर बुक किया था, कई दिन से रोज दौड़ रहे थे।

देवरिया में गैस नहीं मिलने पर लोगों ने किया हंगामा

देवरिया में शुक्रवार को गैस सिलेंडर के लिए आशा एजेंसी पर लोगों ने हंगामा कर दिया। गैस लेने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग लाइन में लगे थे। लेकिन एजेंसी खुलने पर कर्मचारियों ने पहले पर्ची लेने के लिए ऑफिस भेजना शुरू कर दिया। नई व्यवस्था से लोग आक्रोशित हो गए और हंगामा करने लगे। हंगामे की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

कानपुर में डीएसओ बोले- सर्वर पर अचानक लोड बढ़ने से बुकिंग में दिक्कतें

कानपुर में जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार ने कहा कि जिन भी उपभोक्ताओं की बुकिंग पहले से दर्ज है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर होम डिलीवरी दी जा रही। जांच में सामने आया है कि गैस कंपनियों के सर्वर पर अचानक लोड बढ़ने की वजह से फोन कॉल के जरिए होने वाली बुकिंग में दिक्कत आ रही है। हालांकि, उपभोक्ता पेटीएम और गूगल-पे जैसे डिजिटल माध्यमों से आसानी से बुकिंग कर पा रहे हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *