मुजफ्फरनगर : मुजफ्फरनगर में एक ही परिवार के 4 लोगों के शव एक कमरे में मिले हैं। कमरा अंदर से बंद था। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो पति फंदे पर लटका मिला। पत्नी और दो बच्चे फर्श और बेड पर पड़े थे।
घरवालों ने बताया कि हाल ही में ननद घर आई थी। पति ने बहन को ईदी में 1700 रुपए दे दिए थे। इससे पत्नी नाराज हो गई थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच जमकर झगड़ा हो गया था। इसके बाद मंगलवार को पति-पत्नी और दोनों बच्चों की लाशें कमरे में मिलीं।
SSP संजय कुमार वर्मा ने बताया- शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति ने पहले पत्नी और बच्चों की हत्या की, फिर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने परिवार के एक रिश्तेदार को बुलाया और पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा खोला गया। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

कमरे में पत्नी जमीन पर पड़ी थी, जबकि दोनों बच्चे बेड पर पड़े थे।

पंखे पर लगे इसी फंदे से लटककर पति इरशाद ने जान दे दी।

घटना की सूचना मिलते ही इरशाद के घर के बाहर भीड़ लग गई।
सरवट इलाके की गली नंबर-6 इरशाद (32), पत्नी नूरीन (28), दो साल के बेटे आहिल और एक महीने की बेटी अक्शा के साथ रहता था। इरशाद पेंटिंग का काम करता था। मंगलवार सुबह जब काफी देर तक इरशाद के घर का दरवाजा नहीं खुला, पड़ोसियों ने इरशाद के भाई नौशाद को बुलाया। नौशाद जब अंदर पहुंचे, तो इरशाद, उसकी पत्नी और दोनों बच्चों की मौत हो चुकी थी। नौशाद ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
एक साथ चार लोगों की बॉडी मिले की खबर पर सिविल लाइन थाना प्रभारी आशुतोष कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद SSP संजय कुमार वर्मा, ASP सिद्धार्थ के. मिश्रा, CO मंडी राजू कुमार साव, डॉग स्क्वायड, एलआईयू और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
पड़ोसियों और रिश्तेदारों से हुई पूछताछ
पुलिस ने घटना की कड़ियां जोड़ने के लिए पड़ोसियों और रिश्तेदारों से पूछताछ की। अफसरों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घरवालों ने पुलिस को बताया कि हाल ही में इरशाद की बहन घर आई थी, जिसे उसने ईदी के रूप में 1700 रुपए दिए थे। इसी बात को लेकर उसकी पत्नी नूरीन नाराज हो गई थी। और दोनों के बीच इस बात को लेकर झगड़ा भी हुआ था। नूरीन ने अपने मायके पक्ष को भी इसके बारे में बताया था।
सोमवार को नूरीन की दो बहनें भी घर पहुंचीं, जिसके बाद परिवार में जमकर कहासुनी हुई। पड़ोसियों ने बताया कि मंगलवार तड़के 4 बजे तक पति-पत्नी के बीच झगड़ा चलता रहा। इसके बाद अचानक घर में सन्नाटा छा गया।
SSP संजय कुमार वर्मा का कहना है कि बहन को ईद के 1700 रूपये देने को लेकर पति पत्नी में विवाद हुआ था। आज दो बच्चों और पति–पत्नी के शव एक कमरे में मिले हैं। प्रथमद्रष्टया बीवी और बच्चों को मारने के बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या की गई। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

