दैनिक उजाला, मथुरा : जीएलए विश्वविद्यालय, मथुरा ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट शिक्षा प्रणाली और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण का परिचय देते हुए गौरव हासिल किया है। विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों एवं शाखाओं से जुड़े होनहार अलुम्नाई का उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग परीक्षा में चयन हुआ है। इन छात्रों ने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सफलता प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि विश्वविद्यालय का भी नाम रोशन किया है।
जीएलए विश्वविद्यालय अपने आधुनिक शैक्षणिक ढांचे, अनुभवी शिक्षकों, प्रायोगिक शिक्षण पद्धति तथा सॉफ्ट स्किल्स प्रशिक्षण के लिए जाना जाता है। यहां छात्रों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है, जिससे छात्र न केवल शैक्षणिक क्षेत्र में, बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

मयंक राय (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, 2016-2020 बैच), निवासी गाजीपुर, का चयन 64वां स्थान पाकर कमर्शियल टैक्स ऑफिसर पद पर हुआ है। उन्होंने अपने चौथे प्रयास में यह सफलता प्राप्त की। मयंक ने शुरू से ही सिविल सेवा को लक्ष्य बनाते हुए प्लेसमेंट प्रक्रिया में भाग नहीं लिया और स्व-अध्ययन के माध्यम से तैयारी की। वर्ष 2024 में उन्होंने यूपीएससी मुख्य परीक्षा भी दी, जिसमें वे मामूली अंतर से चयन से वंचित रह गए। उनके पिता अजय कुमार राय किसान हैं तथा माता गृहिणी हैं। उनका लक्ष्य भविष्य में आईएएस बनना है।

कृष्णांगी त्रिपाठी (बीकॉम ऑनर्स, 2018 बैच), निवासी वृंदावन, का चयन 48वां स्थान हासिल कर स्टेट जीएसटी विभाग में असिस्टेंट कमिश्नर पद पर हुआ है। जीएलए से शिक्षा पूर्ण करने के बाद उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी शुरू की। इस दौरान उन्होंने इग्नू से पॉलिटिकल साइंस में परास्नातक किया, यूजीसी नेट जेआरएफ उत्तीर्ण किया तथा वर्तमान में आगरा यूनिवर्सिटी से पीएचडी कर रही हैं। वर्ष 2022 में इंटरव्यू तक पहुंचने के बावजूद चयन न होने के बाद उन्होंने अपनी कमियों में सुधार करते हुए सफलता प्राप्त की। उनके पिता बृज किशोर त्रिपाठी प्रिंसिपल हैं तथा माता शिक्षिका हैं। उनका चयन कन्सेन्ट्रिक्स कंपनी में हुआ था, लेकिन उन्होंने जॉइन नहीं किया।

नेहा तोमर (बीटेक, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, 2014 बैच), निवासी मथुरा, का चयन 11वां स्थान प्राप्त कर डिप्टी कलेक्टर पद पर हुआ है। उनका चयन पहले कॉग्निजेंट में हुआ था, लेकिन उन्होंने उसे आगे नहीं बढ़ाया और एमटेक कर उच्च शिक्षा प्राप्त की। वर्तमान में वह भारतीय मौसम विभाग में गुवाहाटी में कार्यरत हैं। “उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने पति धीरज कुमार को भी दिया, जो रक्षा मंत्रालय के पीसीडीए पेंशन विभाग प्रयागराज में कार्यरत हैं तथा रक्षा मंत्री पुरस्कार से सम्मानित हैं। उन्होंने अपनी पूरी तैयारी के दौरान नेहा को अनुशासन और निरंतरता के साथ निरंतर प्रेरित किया। उनके पिता प्रदीप कुमार अधिवक्ता हैं तथा माता कृष्णा कुमारी हैं।

अनुराधा सिंह (इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन, 2017 बैच) का चयन 150वीं रैंक पाकर स्टेट असिस्टेंट कमिश्नर (टैक्स) पद पर हुआ है। उन्होंने बीटेक के तुरंत बाद से ही सिविल सेवा की तैयारी शुरू कर दी थी। जीएलए से उनका चयन टेक महिंद्रा में हुआ था, लेकिन उन्होंने आगे की पढ़ाई को प्राथमिकता दी और जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय से एमए किया। विशेष उल्लेखनीय तथ्य यह है कि उन्होंने यूपीपीसीएस मुख्य परीक्षा 7 माह की गर्भावस्था के दौरान दी, जो उनके अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने पति आकाश सिंह को भी दिया, जिन्होंने वर्ष 2017 में जीएलए विश्वविद्यालय से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है और वर्तमान में व्यवसायी हैं। उनके सहयोग और प्रोत्साहन ने अनुराधा की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके पिता मुकेश प्रताप सिंह, जो पूर्व जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं, मथुरा के जैत क्षेत्र के निवासी हैं।

GLA University में संचालित राइजिंग अकैडमी के लिए गर्व का विषय है कि इसकी छात्रा वेदिका ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPCS) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है।
राइजिंग जीएलए बैच की वेदिका ने Rank 12 प्राप्त कर असिस्टेंट कमिश्नर जीएसटी के पद पर चयनित होकर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है।
उनकी इस उपलब्धि ने अन्य छात्रों को भी कड़ी मेहनत और लगन से आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है।
यह सफलता राइजिंग अकैडमी के गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और छात्रों की मेहनत का परिणाम है।
कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता ने कहा कि जीएलए के चारों छात्रों की सफलता यह सिद्ध करती है कि सही मार्गदर्शन, अनुशासन और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। जीएलए विश्वविद्यालय का शिक्षण वातावरण, कौशल विकास कार्यक्रम और सकारात्मक प्रतिस्पर्धी माहौल छात्रों को ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी चयनित छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही वर्तमान छात्रों को इनसे प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया है।
#mathurauniversity #university #glauniversity #glanews #universitynews #bestuniversitynews #bestnews

