Breaking
Sun. Jul 26th, 2026

लोक संस्कृति और रंगारंग प्रस्तुतियों से सजा जीएलए का ‘स्पंदन’

दैनिक उजाला, मथुरा : जीएलए विश्वविद्यालय, मथुरा में दो दिवसीय ‘स्पंदन’ (वार्षिकोत्सव) कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सीओ सिटी मथुरा आसना चौधरी, विशिष्ट अतिथि अल्यूमिनाई माइक्रोसॉफ्ट के प्रिंसिपल इंजीनियरिंग मैनेजर बांके शर्मा, असेंचर इंडिया के मैनेजमेंट कंसल्टेंट प्रिंसिपल यूटिलिटी पावर विजय सागर, कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता, कुलसचिव अशोक कुमार सिंह तथा डीन स्टूडेंट वेलफेयर डा. हिमांशु शर्मा द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

मुख्य अतिथि सीओ सिटी आसना चौधरी ने कार्यक्रम की शुरूआत में कहा कि मथुरा में एक आईपीएस अधिकारी के रूप में कार्य करते हुए मैं प्रतिदिन वास्तविक जीवन को देखती हूँ। और मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकती हूँ कि जीवन आपकी परीक्षा लेगा, लेकिन आपको आगे बढ़ाने वाली चीज केवल ज्ञान नहीं होगी, बल्कि आपका धैर्य, आपका चरित्र और फिर से खड़े होने की आपकी क्षमता होगी।
इसलिए जब आप ‘स्पंदन’ का आनंद लें, तो इन पलों को पूरी तरह जिएँ। पूरे मन से भाग लें, अपने मित्रों के लिए जोरदार उत्साह बढ़ाएँ, एक-दूसरे का समर्थन करें। क्योंकि आने वाले वर्षों में, जब जीवन गंभीर हो जाएगा, यही यादें आपको अचानक मुस्कुराने पर मजबूर कर देंगी। जब मुझे ‘स्पंदन’ में आमंत्रित किया गया, तो सबसे पहले मुझे अपने कॉलेज के दिन याद आए। मैंने 2019 में स्नातक पूरा किया और 2023 में मास्टर डिग्री के साथ-साथ यूपीएससी में चयन भी हुआ। साथ ही, उन्होंने कहा कि उत्सव और अनुशासन साथ-साथ चलने चाहिए।

कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता ने कहा कि यह स्पंदन जीएलए का वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव है। जब अपने अल्यूमिनाई को विश्वविद्यालय में इतने गरिमामय और सुसज्जित रूप में देखता हूं, तो यह हम सभी के लिए अत्यंत भावुक क्षण होता है। इससे यह महसूस होता है कि उन्होंने यहां से कुछ विशेष और महत्वपूर्ण सीखा है। आज यही अल्यूमिनाई निश्चित रूप से हमारे वर्तमान विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और ऊंचाइयों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेंगे।

विशिष्ट अतिथि अल्यूमिनाई माइक्रोसॉफ्ट के प्रिंसिपल इंजीनियरिंग मैनेजर बांके शर्मा तथा असेंचर इंडिया के मैनेजमेंट कंसल्टेंट प्रिंसिपल यूटिलिटी पावर विजय सागर ने कहा कि अगर जीएलए की मजबूत नींव और यहां के शिक्षकों का मार्गदर्शन न होता, तो आज जो कुछ भी हमने हासिल किया है, वह संभव नहीं हो पाता। इस संस्थान ने हमें सिर्फ पढ़ाई ही नहीं सिखाई, बल्कि यह भी सिखाया कि हमें उन चीजों को कैसे सीखना है, जो हम अभी नहीं जानते।

प्रथम दिवस पर विश्वविद्यालय परिसर में लोक संस्कृति, सांस्कृतिक विविधता और रंगारंग प्रस्तुतियों की शानदार झलक देखने को मिली। दिनभर में 18 से अधिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। ‘कलर्स ऑफ इंडिया’ के अंतर्गत ‘सप्तरंग उत्सव’ में देश की विविध संस्कृतियों का अद्भुत संगम दिखाई दिया। ‘स्वरनिर्माया’ में मधुर सुरों की प्रस्तुति, काव्य संध्या में भावपूर्ण अभिव्यक्ति, तथा फैशन शो में पारंपरिक और आधुनिक परिधानों का आकर्षक समन्वय देखने को मिला।

इसके अतिरिक्त ‘अपसाइकिल उत्सव’, ‘बौद्धिक प्रतियोगिता’, ‘जागो युवा श्लोक पाठ’, ‘संस्कृति संगम शिल्प मेला’, ‘सौंदर्य सज्जा कला’, ‘छायांकन प्रतियोगिता’, ‘दृश्य सृजन’ तथा ‘कला प्रतियोगिता’ जैसे कार्यक्रमों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मकता को मंच प्रदान किया। देर शाम गायिका आशीष कौर की मनमोहक प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को संगीतमय बना दिया। विशेष रूप से, इस अवसर पर 39 से अधिक पूर्व छात्रों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम और भी प्रेरणादायक एवं यादगार बन गया।

डीन स्टूडेंट वेलफेयर डा. हिमांशु शर्मा ने सभी अल्यूमिनाई और अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि स्टूडेंट वेलफेयर टीम के सहयोग से जीएलए में यह भव्य वार्षिकोत्सव आयोजित किया जा रहा है, जो विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करता है।

रविवार को होंगे विविध आयोजन
वार्षिकोत्सव के दूसरे दिन रविवार को ‘रिद्म रिओट’, ‘रंगरेज’, ‘ईको एंगेज चैलेंज’, ‘ड्रामाथॉन’, ‘नृत्यांजलि’ (बैटल ऑफ डांस), काव्य संध्या, ‘छायांकन प्रतियोगिता’ एवं ‘दृश्य सृजन’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही सेलिब्रिटी नाइट में प्रसिद्ध गायक सलीम सुलेमान की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रहेगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed