Breaking
Sun. Jul 26th, 2026

ग्रेटर नोएडा में पेट्रोल की जगह भर दिया पानी, 20 वाहन खराब, 12000 लीटर पेट्रोल बर्बाद

  • पेट्रोल पंप से कुछ दूर जाने पर कई गाड़ियां खराब हो गईं। इसके बाद मैकेनिक बुलाकर उन्हें सही कराना पड़ा

ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा में एक पेट्रोल पंप पर गाड़ियों में पेट्रोल की जगह पानी भर जाने का मामला सामने आया है। इस घटना के कारण करीब 20  वाहन खराब हो गए, जिसके बाद ग्राहकों ने जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। यह घटना बीटा 2 थाना क्षेत्र के सेक्टर पाई वन स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर शनिवार दोपहर को हुई। कई लोग अपनी गाड़ियों और मोटरसाइकिलों में पेट्रोल भरवाकर वहां से निकले, लेकिन कुछ ही दूरी पर जाकर उनके वाहन अचानक बंद पड़ गए।

वाहन खराब होने के बाद ग्राहक वापस पेट्रोल पंप पर लौटे और कर्मचारियों व मैनेजर से शिकायत की। जांच करने पर पता चला कि पेट्रोल पंप के टैंक में लीकेज के कारण पानी चला गया था, और वही पानी वाहनों की टंकी में भर गया था। इस खुलासे के बाद ग्राहकों ने पेट्रोल पंप पर हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने हस्तक्षेप कर लोगों को शांत कराया और मामले की जांच शुरू की।

10 कारें और 10 बाइक खराब

पानी मिला पेट्रोल भरे जाने के कारण 10 कारें और 10 मोटरसाइकिलें खराब हो गईं। कई वाहनों को मौके पर ही मैकेनिक बुलाकर ठीक कराना पड़ा। ग्राहकों ने मुआवजे की मांग की, जिस पर पेट्रोल पंप के मैनेजर ने सहमति जताई। फिलहाल, कई खराब वाहन अभी भी पेट्रोल पंप पर ही हैं और उन्हें ठीक किया गया। इस पूरे मामले की जांच के लिए जिला पूर्ति विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।

12000 लीटर पेट्रोल बर्बाद

पेट्रोल पंप के कर्मचारी संदीप शर्मा ने बताया कि ट्रक की टक्कर की वजह से एक पाइप टूट गई थी, उसी के रास्ते बारिश का पानी टैंक में चला गया और वह पेट्रोल में मिल गया था। उन सभी वाहन चालकों को हरजाना दे दिया गया है, अब टैंक को खाली कराया जा रहा है। करीब 12000 लीटर पेट्रोल हमारा खराब हुआ है, फिलहाल पूरे टैंक साफ कराया जा रहा है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed