Breaking
Mon. Jul 27th, 2026

मध्य प्रदेश में रेत माफियाओं की गुंडई, वन आरक्षक को ट्रैक्टर से कुचला, मौके पर मौत, अवैध खनन रोकने निकली थी टीम

  • चंबल नदी में अवैध खनन को रोकने के लिए वन आरक्षक की टीम पहुंची हुई थी

मुरैना : मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में रेत माफियाओं की गुंडई एक बार फिर सामने आई है। अवैध रेत परिवहन रोकने की कोशिश कर रहे एक वन आरक्षक को ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचल दिया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना दिमनी थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाइवे 552 पर रथोल का पुरा और रानपुर के बीच की हुई है।

जानकारी के अनुसार, अंबाह रेंज का वन विभाग का गश्ती दल रविवार सुबह अवैध रेत परिवहन को रोकने के लिए क्षेत्र में निकला था। इसी दौरान चंबल नदी के ऐसाह घाट से रेत भरकर आ रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने की कोशिश वन आरक्षक हरिकेश गुर्जर ने की। 

कुछ समय पहले हुआ था तबादला

आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार में ट्रैक्टर-ट्रॉली चलाते हुए हरिकेश गुर्जर को बेरहमी से कुचल दिया और वाहन सहित मौके से फरार हो गया। मृतक वन आरक्षक हरिकेश गुर्जर जनकपुर का रहने वाला था। कुछ समय पहले ही उनका तबादला दूसरे जिले से अंबाह रेंज में हुआ था। 

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

घटना के बाद वन विभाग का दल शव को जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचा, जहां परिजनों को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही दिमनी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

लोगों में आक्रोश

घटना के बाद वन विभाग के अधिकारियों और परिजनों में भारी आक्रोश है। पुलिस फरार ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश में जुटी है और अवैध रेत खनन से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *