सवाई माधोपुर : राजस्थान में रणथंभौर टाइगर रिजर्व की सबसे उम्रदराज बाघिन टी-39 नूर ने अपने इलाके से करीब 11 किलोमीटर दूर जाकर शिकार किया है।
इसके बाद वन विभाग अलर्ट हो गया है और खाने की तलाश में इलाके से इतनी दूर आने पर बाघिन की मॉनिटरिंग की जा रही है।
रणथंभौर टाइगर रिजर्व फर्स्ट के डीएफओ मानस सिंह का कहना है कि नूर का इलाका टेरिटरी जोन नंबर एक माना जाता है।
लेकिन करीब 11 किलोमीटर दूर नेशनल हाईवे 552 पर बोदल गांव के पास गाय का शिकार करने की सूचना को गंभीरता से लिया जा रहा है। हालांकि उम्मीद है कि रात को बाघिन नूर वापस अपने इलाके में आ जाएगी।
तस्वीर

अपने टेरिटरी से करीब करीब 11 किलोमीटर दूर बाघिन नूर का मूवमेंट नजर आया है।

बाघिन टी-39 नूर की उम्र करीब 18 साल है और उसके अपने इलाके से बाहर जाकर शिकार करने पर वन विभाग अलर्ट हो गया है।
नेशनल हाईवे पर आबादी क्षेत्र में किया शिकार
जानकारी के अनुसार- बाघिन टी-39 नूर रणथंभौर के जंगलों से निकलकर टोंक- चिरगांव(मध्य प्रदेश) नेशनल हाईवे पर अल सुबह चहलकदमी करते देखी गई थी।
इसके बाद शाम को बाघिन नूर ने हाईवे पर बोदल गांव के आबादी क्षेत्र के पास बोदल उघाड़ पुलिया के पास एक गाय को अपना शिकार बनाया। इसे लेकर वह हाईवे के किनारे ही बैठ गई, जिसके बाद वहां से गुजर रहे राहगीर दहशत में आ गए। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।
सूचना पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की भीड़ को हटाया। विभाग के अधिकारी बाघिन की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना कि विभाग को उम्मीद है कि बाघिन शाम को जंगल में वापस लौटेगी। हालांकि ऐसा नहीं हुआ तो वन विभाग बाघिन को ट्रेंकुलाइज कर जंगल में छोड़ेगा।
सुबह भी बाघिन जैतपुरा गांव के नजदीक नेशनल हाइवे पर चहलकदमी करते हुए देखी गई थी। तब से उसका मूवमेंट नेशनल हाईवे 552 पर टोंक- चिरगांव के आसपास ही बना हुआ है। बता दें कि नूर को राजस्थान की सबसे उम्रदराज बाघिनों में गिना जाता है, जिसकी उम्र करीब 18 साल है।

