नई दिल्ली/चेन्नई : कांग्रेस ने दावा किया कि इंस्टाग्राम ने राहुल गांधी की उस रील और फोटो पोस्ट को ब्लॉक कर दिया है, जिसमें वे तमिलनाडु के CM विजय के साथ नजर आ रहे थे। कांग्रेस ने इसका कारण इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के नियमों को बताया।
हालांकि सरकारी सूत्रों ने इस आरोप से इनकार किया है। सूचना मंत्रालय के सूत्रों ने स्पष्ट किया कि इससे उनका कोई लेना-देना नहीं है। यह प्लेटफॉर्म के आंतरिक सिस्टम की एक गलती के कारण हुआ, जिसने गलती से इस पोस्ट को ब्लॉक करने के लिए फ्लैग कर दिया था। हालांकि पोस्ट रीस्टोर कर दी गई है।
गांधी रविवार को चेन्नई में थे, जहां उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के तौर पर विजय के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लिया। बाद में उन्होंने सोशल मीडिया पर इस अभिनेता-राजनेता के साथ अपनी कई तस्वीरें भी शेयर की थीं।

कांग्रेस ने विजय को तमिलनाडु में सरकार बनाने में मदद के लिए DMK का साथ छोड़ दिया।

कांग्रेस के 5 विधायक तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में जीते हैं। जबकि TVK के पास 108 विधायक हैं।

विजय पहले भी कई बार कह चुके हैं कि राहुल गांधी के फैन हैं। विजय के कांग्रेस में शामिल होने की अफवाहें भी आई थीं।
कांग्रेस का दावा- एक घंटे में 1.2 करोड़ व्यूज हो गए थे
कांग्रेस नेता और गांधी के सहयोगी श्रीवत्स ने दावा किया कि वायरल रील को एक घंटे से भी कम समय में 1.2 करोड़ (12 मिलियन) बार देखा गया था, जबकि वायरल तस्वीरों वाली पोस्ट 4.6 करोड़ (46 मिलियन) लोगों तक पहुंच चुकी थी। मेटा ने इस बात का कोई कारण नहीं बताया है कि आखिर क्यों उनका अकाउंट एक्सेस नहीं हो पा रहा है।
श्रीवत्स ने आरोप लगाया, “यह तकनीकी गड़बड़ी सूचना मंत्रालय के नियमों के कारण हुई है। राहुल गांधी के सोशल मीडिया अकाउंट्स को लंबे समय से रोका जा रहा है। X पर उनकी रीच, यूट्यूब पर उनके व्यूज और इंस्टाग्राम पर उनके फॉलोअर्स को भी मैनेज किया जा रहा है।
श्रीवत्स ने आगे कहा- इसी तरह भारत में विपक्ष के नेता की आवाज को दबाया जाता है।
मंत्रालय की सफाई- हमारा इससे कोई लेना-देना नहीं
कांग्रेस के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए, सूचना मंत्रलाय के सूत्रों ने कहा कि कुछ सोशल मीडिया हैंडल्स यह गलत दावा कर रहे हैं कि विपक्ष के नेता की कुछ पोस्ट्स को मंत्रालय ने ब्लॉक किया था।
मंत्रालय के एक सूत्र ने कहा- हम साफ कर देना चाहते हैं कि इस कार्रवाई से हमारा कोई लेना-देना नहीं है। यह प्लेटफॉर्म के इंटरनल सिस्टम की एक गलती के कारण हुआ था, जिसने गलती से उस पोस्ट को ब्लॉक करने के लिए फ्लैग कर दिया था। अब उस पोस्ट को रीस्टोर कर दिया गया है।

