Breaking
Tue. May 12th, 2026

NEET UG 2026 परीक्षा रद्द:पेपर लीक की आशंका के चलते फैसला, CBI जांच करेगी; करीब 23 लाख छात्रों ने परीक्षा दी थी

दैनिक उजाला, एजुकेशन डेस्क : नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA ने 3 मई को हुई NEET 2026 परीक्षा रद्द कर दी है। परीक्षा की नई डेट्स जल्‍द जारी की जाएंगी। NTA ने कहा है कि केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद परीक्षा रद्द की गई है।

CBI करेगी पेपर लीक की जांच

भारत सरकार ने फैसला किया है कि इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) करेगा ताकि इसमें लगाए गए आरोपों की व्यापक जांच की जा सके। NTA, ब्यूरो को पूरा सहयोग देगा और जांच के लिए आवश्यक सभी सामग्री, रिकॉर्ड और सहायता उपलब्ध कराएगा।

NTA ने बताया है कि NEET (UG) 2026 परीक्षा को लेकर पहले 10 मई 2026 को एक प्रेस नोट जारी किया गया था। अब एजेंसी ने छात्रों, अभिभावकों और जनता को कुछ नए फैसलों की जानकारी दी है।

फीस वापिस होगी, दोबारा रजिस्‍ट्रेशन नहीं करना होगा

NTA ने जानकारी दी है कि स्‍टूडेंट्स को दोबारा परीक्षा के लिए रजिस्‍ट्रेशन नहीं करना होगा। पिछले एग्‍जाम सेंटर्स में भी कोई बदलाव नहीं होगा। रीएग्‍जाम के लिए नए एडमिट कार्ड भी जारी किए जाएंगे। इसके अलावा परीक्षा में शामिल छात्रों की फीस भी वापिस की जाएगी।

8 मई को शुरू हुई थी जांच

NTA ने बताया कि 8 मई 2026 को ही इस मामले से जुड़ी कुछ जांचों को केंद्रीय एजेंसियों को सौंप दिया गया था, ताकि परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

अब, जांच एजेंसियों से मिली जानकारी और सरकार की मंजूरी के बाद, NTA ने फैसला लिया है कि 3 मई 2026 को हुई NEET (UG) परीक्षा को रद्द किया जाता है और इसे दोबारा कराया जाएगा। नई परीक्षा की तारीखें बाद में घोषित की जाएंगी।

जांच एजेंसियों से मिले निष्कर्षों के आधार पर यह तय किया गया कि मौजूदा परीक्षा प्रक्रिया को जारी नहीं रखा जा सकता था। इसलिए पारदर्शिता बनाए रखने के लिए परीक्षा दोबारा कराई जाएगी।

राजस्‍थान में मिले थे हाथ से मिले गेस पेपर

3 मई को देशभर में NEET UG 2026 की परीक्षा हुई थी। आशंका है कि परीक्षा का पर्चा पहले ही लीक हो गया था। राजस्‍थान में कई स्‍टूडेंट्स के पास हाथ से लिखा हुआ गेस पेपर मिला है जिसके सवाल असल परीक्षा से मैच हो रहे हैं।

10 मई को राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप यानी SOG ने इंटेल इनपुट पर कार्रवाई करते हुए देहरादून, सीकर और झुंझुनू से 13 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। इसमें सीकर के एक कोचिंग इंस्टीट्यूट के जुड़े करियर काउंसकर भी शामिल हैं

720 में से 600 नंबर के सवाल कॉमन

जांच में सामने आया है कि परीक्षा के 720 में से 600 नंबर के सवाल दो दिन पहले ही सीकर में छात्रों के पास पहुंच गए थे। दरअसल, एक गेस पेपर केरल के एक कॉलेज से MBBS कर रहे स्टूडेंट ने 1 मई को सीकर में अपने एक दोस्त को भेज दिया था।

हाथ से लिखे गए क्वेश्चन छात्रों को मिले

SOG अभी मामले की जांच कर रही है। एजेंसी मास्टरमाइंड तक पहुंचने के लिए कड़ी से कड़ी जोड़ रही है। सभी संदिग्धों की सोशल मीडिया चैट और कॉल लॉग्स खंगाले जा रहे हैं। दरअसल, ये एक गेस पेपर की तरह लोगों तक पहुंचा है और SOG अभी जांच कर रही है कि इसे पेपर लीक माना जाए या नहीं।

स्टूडेंट्स तक जो ‘क्वेश्चन बैंक’ पहुंचा है, उसमें फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के 300 से ज्यादा सवाल हैं। ये सभी हाथ से लिखे गए हैं और इनकी हैंडराइटिंग भी एक ही है। इसमें से 150 सवाल हूबहू NEET UG 2026 के पेपर में आए।

एक्सपर्ट्स के अनुसार किसी विशेष गेस पेपर से परीक्षा में कुछ सवाल हूबहू आने की संभावना रहती है, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में प्रश्न आने की संभावना आमतौर पर नहीं होती।

2024 में भी हुआ था पेपर लीक

2024 में भी NEET UG परीक्षा पेपर लीक के चलते कुछ सेंटर्स पर रद्द कर दी गई थी। परीक्षा 5 मई 2025 को हुई थी। 6 मई को NTA ने पेपर लीक की बात से इनकार किया था। इसके बाद बिहार (पटना) और झारखंड (हजारीबाग) में जांच हुई। जांच में पेपर लीक के सबूत मिले और कई गिरफ्तारियां भी हुईं थीं।

हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने पूरी परीक्षा रद्द करने से इनकार कर दिया था और कुछ सेंटर पर 1539 कैंडिडेट्स की दोबारा परीक्षा हुई थी। पेपर लीक के आरोपों के अलावा, 67 छात्रों को 720/720 अंक मिलना और एक ही केंद्र से कई टॉपर्स का आना भी बड़े विवाद का कारण बना था।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *