गोरखपुर : गोरखपुर में बने पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर पर वाहनों का संचालन शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह 11 बजे फीता काटकर इसका लोकार्पण किया। उद्घाटन के बाद सीएम फ्लाईओवर पर कुछ दूरी तक पैदल चले। इसके बाद उन्होंने शिलापट्ट के पास खड़े होकर तस्वीर भी खिंचवाई।
टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर बना 2.6 किमी लंबा सिक्सलेन फ्लाईओवर अंतर्जनपदीय कनेक्टिविटी के लिहाज से गोरखपुर की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। फ्लाईओवर के दोनों हिस्सों को मिलाकर 429 करोड़ 49 लाख रुपए खर्च किए गए हैं।
इससे लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, आजमगढ़, कुशीनगर, देवरिया, महराजगंज, बिहार और नेपाल की ओर आने-जाने वाले वाहनों को काफी सहूलियत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने फ्लाईओवर के लोकार्पण के साथ 995 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का भी लोकार्पण और शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने 429 करोड़ रुपए से बने सिक्सलेन फ्लाईओवर का गुरुवार की सुबह 11 बजे उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री ने सिक्सलेन फ्लाईओवर का लोकार्पण किया।

सिक्सलेन फ्लाईओवर का उद्घाटन करने के बाद सीएम पैदल ही उस पर चले, उनके साथ सांसद रविकिशन भी रहे।
मुख्यमंत्री इन विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया
- महिला सशक्तिकरण के अंतर्गत मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला छात्रावास का निर्माण, लागत 47 करोड़ 38 लाख 47 हजार रुपए।
- नंदानगर पुलिस चौकी से शमशेर गेट तक मार्ग में पड़ने वाले लेवल क्रॉसिंग हेतु अंडरपास एवं सर्विस रोड, लागत 73 करोड़ 64 लाख 49 हजार रुपए।
- राज्य स्मार्ट सिटी योजना अंतर्गत विश्वविद्यालय चौक के समीप साइंस म्यूजियम का निर्माण, लागत 49 करोड़ 60 लाख 49 हजार रुपए।
- टाटा टेक्नोलॉजी लिमिटेड के सहयोग से राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का निर्माण, 7 करोड़ 6 लाख 75 हजार रुपए।
- डिपो कार्यशाला राप्तीनगर स्थित टायर शॉप का उच्चीकरण, लागत 2 करोड़ 46 लाख 99 हजार रुपए।
- वार्ड नं. 18 पवन विहार में सीसी रोड का निर्माण, लागत 49 लाख 72 हजार रुपए।
- वार्ड नं. 25 गिरधरगंज में सीसी रोड का निर्माण, लागत 23 लाख 46 हजार रुपए।
- वार्ड नं. 20 लच्छीपुर में सीसी रोड व नाली का निर्माण, लागत 48 लाख 99 हजार रुपए।
- मोहल्ला नंदानगर दरगहिया में सीसी रोड व नाली का निर्माण, लागत 8 लाख 9 हजार रुपए।
- वार्ड नं. 70 चंद्रशेखर आजाद नहर में सीसी रोड व नाली का निर्माण, लागत 29 लाख 56 हजार रुपए।

महिला सशक्तिकरण के अंतर्गत मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला छात्रावास का निर्माण चरगांवा ब्लाक परिसर के पास किया जाएगा। इसकी लागत 47 करोड़ 38 लाख 47 हजार रुपये आएगी।
सीएम ने रवि किशन की चुटकी ली, बोले- इन्हें नहीं पता कि गोरखपुर में महिला हॉस्टल बन रहा है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज गोरखपुर को एक नया उपहार देने के लिए हम सब यहां आए हैं। ट्रांसपोर्टनगर से पैडलेगंज सिक्सलेन फ्लाईओवर और यहीं से देवरिया बाईपास पर फोरलेन फ्लाईओवर पूरा होने पर यह लोकार्पण है। इसकी 2658 मीटर कुल लंबाई है। 50 लाख से एक करोड़ की आबादी इससे सीधे-सीधे लाभान्वित होने वाली है।
रविकिशन को नहीं पता है, लेकिन गोरखपुर में श्रमजीवी महिला हॉस्टल का निर्माण शुरू करने जा रहे हैं। 47 करोड़ की लागत से। दरअसल, रविकिशन ने अपने संबोधन में वाराणसी के हॉस्टल का नाम लिया लेकिन गोरखपुर का भूल गए।
रवि किशन ने कहा- चुनाव आ रहा है, 2 महीने बाद लुटेरे निकलेंगे, गांव में घुसने नहीं देना है
रविकिशन ने कहा कि मुख्यमंत्री ने गोरखपुर को बड़ी मेहनत से संजोया गया है। जनता का पैसा जनता के बीच आ रहा है।
अब विधानसभा का चुनाव नजदीक है। 2 महीने में लुटेरे निकलेंगे। अपनी बिरादरी की बात करेंगे। आप कहिएगा कि जो हमको खिला रहा है, उसी को वोट देंगे। गांव में किसी को घुसने नहीं देना है।
आज पानी लग गया उसपर राजनीति कर रहे हैं। शर्म आनी चाहिए। वो लोग कीड़े-मकोड़े की जिंदगी जीने पर मजबूर कर दिए थे।

