Breaking
Fri. Jul 24th, 2026

मथुरा में मुड़िया पूर्णिमा मेले की शुरुआत:7 दिनों तक चलेगा,1.5 करोड़ से अधिक श्रद्धालु आएंगे,सीसीटीवी से निगरानी

मथुरा : गुरु पूर्णिमा के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध 470वें राजकीय मुड़िया पूर्णिमा मेले की गुरुवार से शुरुआत हो गई। 23 जुलाई से 29 जुलाई तक चलने वाले इस मेले में देश-विदेश से करीब 1.5 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालु गिरिराज महाराज की 21 किलोमीटर की परिक्रमा कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे। पिछले वर्ष मेले में करीब डेढ़ करोड़ श्रद्धालुओं ने परिक्रमा की थी। इस बार यह संख्या और बढ़ने का अनुमान है।

मेले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दुर्घटना मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र में 5 हजार से अधिक पुलिस और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।

मेला क्षेत्र को 9 सुपर जोन, 22 जोन और 64 सेक्टरों में बांटा गया है।

मेला क्षेत्र को 9 सुपर जोन, 22 जोन और 64 सेक्टरों में बांटा गया है।

9 सुपर जोन, 22 जोन और 64 सेक्टर में बंटा मेला क्षेत्र

भीड़ प्रबंधन को देखते हुए पूरे मेला क्षेत्र को 9 सुपर जोन, 22 जोन और 64 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर में वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

सुरक्षा के लिए 37 अस्थायी पुलिस चौकियां, 31 वॉच टावर और 54 ‘गिरिराज मोबाइल’ टीमें तैनात हैं। वहीं मानसी गंगा, राधाकुंड सहित प्रमुख जलाशयों पर PAC, SDRF और स्थानीय गोताखोर हर समय निगरानी रखेंगे।

PWD गेस्ट हाउस में कंट्रोल रूम बनाया गया है।

PWD गेस्ट हाउस में कंट्रोल रूम बनाया गया है।

690 CCTV कैमरे और ड्रोन से होगी निगरानी

मेले की निगरानी के लिए पीडब्ल्यूडी भवन में सेंट्रल कंट्रोल रूम बनाया गया है। पूरे मेला क्षेत्र में 690 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि 3 स्थानों पर ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जाएगी।

परिक्रमा मार्ग, दानघाटी मंदिर, मुखारविंद, मानसी गंगा और कस्बे के प्रमुख स्थानों की गतिविधियों पर कंट्रोल रूम से लगातार नजर रखी जाएगी। संचार व्यवस्था बनाए रखने के लिए 24 स्थानों पर रेडियो पुलिस कर्मियों की भी तैनाती की गई है।

5000 से ज्यादा सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं।

5000 से ज्यादा सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं।

61 पार्किंग स्थल, भारी वाहनों की एंट्री पर रोक

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष यातायात डायवर्जन योजना लागू की गई है। मथुरा, छटीकरा और अन्य मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए 61 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। परिक्रमा मार्ग पर भीड़ कम रखने के लिए गोवर्धन कस्बे में भारी और व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।

चिकित्सा और आपात सेवाओं की भी व्यवस्था

मेला अवधि में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 24 चिकित्सा शिविर और 6 मोबाइल स्वास्थ्य टीमें तैनात रहेंगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

5 हजार से अधिक पुलिस बल रहेगा तैनात

मेले की सुरक्षा के लिए 11 अपर पुलिस अधीक्षक, 23 क्षेत्राधिकारी, 91 इंस्पेक्टर, 500 उपनिरीक्षक, 53 महिला उपनिरीक्षक, 2316 कांस्टेबल, 270 महिला कांस्टेबल, 367 हेड कांस्टेबल, PAC की 3 कंपनियां, बाढ़ राहत PAC की 1 प्लाटून और SDRF की 1 प्लाटून तैनात की गई है। इसके अलावा एलआईयू और सादा वर्दी में पुलिसकर्मी भी लगातार निगरानी करेंगे।

रेलवे ने बढ़ाई व्यवस्थाएं, खुलेंगे अतिरिक्त टिकट काउंटर

मुड़िया पूर्णिमा मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने भी विशेष इंतजाम किए हैं। वाणिज्य विभाग के करीब 80 कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। इनमें मथुरा जंक्शन पर 55 और गोवर्धन स्टेशन पर 15 कर्मचारी तैनात रहेंगे।

मथुरा जंक्शन पर 21 अतिरिक्त टिकट काउंटर संचालित किए जाएंगे, जबकि गोवर्धन रेलवे स्टेशन पर 4 अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले जाएंगे। स्टेशन पर हेल्प डेस्क, सूचना केंद्र, खोया-पाया केंद्र, 24 घंटे चिकित्सा शिविर, प्राथमिक उपचार केंद्र और एम्बुलेंस सेवा भी उपलब्ध रहेगी।

मेला क्षेत्र में अस्थायी फायर स्टेशन

अग्नि सुरक्षा के लिए गोवर्धन में अस्थायी फायर स्टेशन स्थापित किया गया है। पूरे मेला क्षेत्र को 5 फायर जोन और 32 फायर प्वाइंट में बांटा गया है। यहां 4 बड़ी दमकल गाड़ियां (5000 लीटर), 6 मध्यम क्षमता की दमकल (2500 लीटर), 5 हाई प्रेशर वाटर मिस्ट वाहन और 10 फायर बाइक तैनात की गई हैं। आगरा, बरेली और कानपुर से भी दमकल अधिकारियों को मेले की ड्यूटी पर लगाया गया है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *